May 19, 2026

महासमुंद में बड़ी कार्रवाई: पिकअप से 1432 किलो डोडा पोस्त जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिंघोडा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में डोडा पोस्त (अफीम पोस्त) जब्त किया है और दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन के जरिए अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर वाहन क्रमांक HR46 F 4848 को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 1432 किलो डोडा पोस्त बरामद किया गया।

पुलिस ने मौके से दो आरोपियों हरविंदर सिंह (40) और सत्यवान वाल्मीकि (40) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी करनाल जिले के शांति नगर के निवासी बताए जा रहे हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे झारखंड के मुलमुला क्षेत्र से डोडा पोस्त लोड कर ओडिशा होते हुए रायपुर ले जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, जब्त डोडा पोस्त की कीमत करीब 2 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपए आंकी गई है। वहीं पिकअप वाहन और मोबाइल फोन समेत कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 2 करोड़ 25 लाख रुपए बताई जा रही है।

मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 (ख) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।