रायपुर। राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। टिकरापारा थाना क्षेत्र में नशीली टेबलेट बेचने की फिराक में खड़े दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 29 हजार रुपए की प्रतिबंधित दवाएं जब्त की हैं।
जानकारी के अनुसार, एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोकुल नगर श्मशान घाट के पास कुछ लोग नशीली टेबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस उपायुक्त (क्राइम एंड साइबर) और पश्चिम क्षेत्र के अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने मौके पर दबिश दी।
भागने की कोशिश नाकाम, मौके पर पकड़े गए आरोपी
पुलिस टीम को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर दुर्ग निवासी कपिल तिवारी (19) और रायपुर निवासी मोहम्मद अनीश (52) को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 73 नग स्पासमो और नाइट्रोसन-10 प्रतिबंधित टेबलेट बरामद की गई।
पहले भी पकड़ा जा चुका है आरोपी
जांच में सामने आया कि आरोपी मोहम्मद अनीश पहले भी वर्ष 2025 में इसी तरह के मामले में पकड़ा जा चुका है। उसके खिलाफ टिकरापारा थाने में नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और मामले की आगे जांच जारी है।





