July 23, 2026

PF राशि जारी करने के बदले 10 हजार की रिश्वत लेते सहायक ग्रेड-2 गिरफ्तार, ACB की कार्रवाई

DURG NEWS UPDATE: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत यांत्रिकी विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कर्मचारी पर अपने ही विभाग के एक बाबू से भविष्य निधि (PF) की राशि जारी करने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, विद्युत यांत्रिकी विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी ने अपनी बेटी की शादी के लिए भविष्य निधि खाते से 5 लाख रुपये निकालने हेतु आवेदन किया था। आरोप है कि आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर राशि जारी कराने के बदले सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर ने 10 हजार रुपये की मांग की।

रिश्वत की मांग से परेशान कर्मचारी ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान ACB की टीम ने आरोपी सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।

ACB अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।