July 31, 2026

दुर्ग में भीषण सड़क हादसा: बुलेट और मोपेड की टक्कर में 2 युवकों की मौत, 2 गंभीर घायल

दुर्ग। जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मामले की जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार, अमलेश्वर रोड पर देर रात करीब 11 बजे से 12 बजे के बीच बुलेट और मोपेड की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक युवक की पहचान यश शर्मा के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक और दोनों घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

घटना के बाद अमलेश्वर थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्राथमिक जांच में हादसे की वजह दोनों वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना सामने आ रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।