सामूहिक दुष्कर्म मामले में एक आरोपी की अग्रिम जमानत खारिज, दूसरे की जमानत पर आज सुनवाई
दुर्ग। सामूहिक दुष्कर्म मामले में आरोपियों की ओर से अदालत में जमानत आवेदन लगाया गया है। आरोपी अनिल चौधरी ने नियमित जमानत, जबकि फरार आरोपी संजय पंडित ने अग्रिम जमानत के लिए अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ एफटीसी दुर्ग अनीश दुबे की अदालत में आवेदन प्रस्तुत किया। विशेष लोक अभियोजक रूपवर्षा दिल्लीवार ने बताया कि न्यायालय ने संजय पंडित की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है, जबकि अनिल चौधरी की नियमित जमानत पर शनिवार को सुनवाई होगी। पीड़िता महिला ने अदालत में उपस्थित होकर जमानत का विरोध किया।
पीड़िता ने 30 जनवरी को महिला थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि वर्ष 2018 से अक्टूबर 2025 तक छह आरोपियों ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके साथ बार-बार अनाचार और सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
सामूहिक दुष्कर्म मामले का मुख्य आरोपी यूपी से गिरफ्तार, दुर्ग ला रही पुलिस
दुर्ग। सामूहिक दुष्कर्म मामले के मुख्य आरोपी राजू कश्यप उर्फ कृपा शंकर को पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से गोरखपुर जिले का रहने वाला है। केस दर्ज होने के बाद वह यूपी में छिपा हुआ था। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ा। पुलिस टीम आरोपी को दुर्ग लाने रवाना हो चुकी है।
28 फरवरी तक ई-केवाईसी अनिवार्य, नहीं तो राशन मिलने में होगी परेशानी
दुर्ग। एक राष्ट्र एक राशनकार्ड योजना के तहत जिले के सभी राशनकार्डधारकों को 28 फरवरी 2026 तक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। जिले में करीब दो लाख सदस्यों की ई-केवाईसी अभी शेष है। हितग्राही उचित मूल्य दुकान या ‘मेरा ई-केवाईसी’ ऐप के माध्यम से प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
पशु पर क्रूरता कर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। घरेलू पशु की हत्या के मामले में छावनी पुलिस ने आरोपी बाबूराव उर्फ पंडू (55) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने लोहे के हथौड़े से पशु पर हमला किया था। पुलिस ने हथौड़ा जब्त कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
66 लाख का भुगतान, भिलाई नगर निगम की गाड़ियों को फिर मिला डीजल
भिलाईनगर। तीन दिनों से ठप पड़ी निगम की गाड़ियों को फिर से डीजल-पेट्रोल मिलने लगा है। नगर निगम ने पेट्रोल पंप संचालक को करीब 66 लाख रुपये का भुगतान किया है। भुगतान में अनियमितता की जांच के संकेत भी मिले हैं।
8 फरवरी को भिलाई स्टील हाफ मैराथन, सुबह से रहेगा ट्रैफिक डायवर्ट
भिलाईनगर। भिलाई स्टील हाफ मैराथन के आयोजन के चलते 8 फरवरी को सुबह 6 बजे से 9.15 बजे तक शहर के कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। करीब 3000 धावकों ने पंजीयन कराया है।





