1. दुर्ग जिले में 20 फरवरी से हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा 20 फरवरी से आयोजित की जाएंगी। गोपनीय परीक्षाओं की सामग्री 12 और 13 फरवरी को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम शासकीय बहुउद्देशीय जेआरडी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दुर्ग से वितरित की जाएगी। इस बार 10वीं में 16,857 और 12वीं में 13,563 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिससे कुल परीक्षार्थियों की संख्या 30,420 होगी। दुर्ग जिले में कुल 135 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें फरीदनगर-भिलाई को नया केंद्र बनाया गया है और इंदिरा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रामनगर भिलाई का परीक्षा केंद्र बंद किया गया है।
2. दुर्ग में मेगा फ्लावर शो का आयोजन
महापौर अलका बाधमार के मार्गदर्शन में दुर्ग में आगामी पुष्प प्रदर्शनी प्रतियोगिता (फ्लावर शो) का आयोजन किया जाएगा। आयुक्त सुमित अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित तैयारी बैठक में आयोजन को इस बार और भव्य व आकर्षक बनाने पर चर्चा की गई। यह कार्यक्रम राजेन्द्र पार्क, जीई रोड दुर्ग में आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न प्रकार के रंग-बिरंगे फूलों की प्रदर्शनी के साथ-साथ सरकारी योजनाओं के मॉडल भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
3. गुम मोबाइल का दुरुपयोग कर 1.23 लाख की ठगी, आरोपी बिहार से गिरफ्तार
भिलाईनगर पुलिस ने यूपीआई के माध्यम से लगभग 1.23 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी सचिन किसपोट्टा (32), बिहार निवासी को गिरफ्तार किया। मामला 2 साल पुराना है, जब प्रार्थी संतोष कुमार का मोबाइल गुम हो गया था। आरोपी ने मोबाइल का पासवर्ड हैक कर पैसे ट्रांसफर कर लिए थे। पुलिस ने बैंक रिकॉर्ड के आधार पर आरोपी का पता लगाया और उसे गिरफ्तार किया।
4. उधारी न चुकाने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या
भिलाईनगर में ऋषि निर्मलकर (19) की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने ऋषि को पहले अपहरण किया और होटल 36 इन में ले जाकर मारपीट की। चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गिरफ्तार आरोपियों में कैलाश नगर निवासी काके उर्फ हरविंदर सिंह (20), गुरुनानक नगर दुर्ग निवासी मेजर सिंह सागर उर्फ राज सिंह सागर (19) और हावड़ा, पश्चिम बंगाल निवासी अंकित झा (22) शामिल हैं।
5. रेलवे स्टेशन के पास बुजुर्ग का शव मिला
दुर्ग रेलवे स्टेशन के पास 75 वर्षीय बुजुर्ग कुबेर का शव मिला। मृतक दुबला-पतला था और लाल चेक शर्ट एवं पीली धोती पहने हुए थे। जीआरपी पुलिस शव को जिला अस्पताल के मर्चरी में रखकर उसके वारिसान की तलाश कर रही है।
6. भिलाईनगर में मोबाइल से अवैध सट्टा कारोबार का पर्दाफाश
भिलाईनगर पुलिस ने नितेश कुमार देवांगन (44) को मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक दुकान के माध्यम से अवैध सट्टा संचालित करने के आरोप में गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से नगद राशि, मोबाइल और सट्टा पर्चियां जब्त की गईं।
7. युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या की
भिलाईनगर के छावनी थाना क्षेत्र में 27 वर्षीय नीतू कोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका अपने दो भाइयों के साथ रहती थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। पुलिस परिजनों और आस-पास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
8. पड़ोस के पालतू कुत्ते ने 10 वर्षीय बच्चे पर हमला किया
जामुल थाना क्षेत्र, वार्ड 21 में पालतू कुत्ते ने 10 वर्षीय उत्कर्ष सिंह को काट लिया। बच्चे को घुटने के पीछे चोटें आई हैं। पुलिस ने धारा 291 BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की है।
9. दुर्ग पुलिस ने पांच जिलों से 60 लाख के 202 गुम मोबाइल बरामद किए
दुर्ग पुलिस ने डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल कर पांच जिलों में 202 गुम मोबाइल खोजे और उन्हें बरामद किया। इनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 60 लाख रुपए है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल गुम या चोरी हो जाए, तो तुरंत थाना में रिपोर्ट दर्ज कर CEIR पोर्टल पर भी पंजीकरण कराएं।





