दुर्ग/भिलाईनगर। दुर्ग जिले में रोजगार, प्रशासन, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आई हैं। राज्य शासन के निर्देशानुसार युवाओं को निजी क्षेत्र में अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दुर्ग संभाग स्तरीय रोजगार मेला 14 एवं 15 फरवरी को रुंगटा इंजीनियरिंग कॉलेज (आर-2), कोहका भिलाई में आयोजित किया जा रहा है। वहीं जिला अस्पताल में डिलीवरी के बाद नवजात बच्ची की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। दूसरी ओर जिले के 200 से अधिक शासकीय उचित मूल्य दुकानों में फरवरी माह का चावल अब तक नहीं पहुंच पाया है, जिससे हितग्राहियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दुर्ग संभाग स्तरीय रोजगार मेला 14-15 फरवरी को
प्रभारी संयुक्त संचालक प्रशिक्षण आईटीआई टीके सातपुते ने बताया कि रोजगार मेले में विभिन्न निजी कंपनियां भाग लेंगी और योग्य अभ्यर्थियों का सीधा साक्षात्कार लेकर चयन करेंगी। इच्छुक अभ्यर्थियों को ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर निर्धारित तिथि पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। मेले की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है।
अभ्यर्थियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी नियोजक या एजेंट को प्रोसेसिंग शुल्क, प्रशिक्षण शुल्क, आवास या यात्रा के नाम पर कोई राशि न दें। अधिक जानकारी के लिए आईटीआई भिलाई या नजदीकी आईटीआई कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
जिला अस्पताल में लापरवाही का आरोप, नवजात की मौत
जिला अस्पताल दुर्ग में डिलीवरी के बाद नवजात बच्ची की मौत पर परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। मदर टेरेसा नगर निवासी करिश्मा भारती ने बताया कि उन्हें चार दिन पहले प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था। बच्चेदानी का मुंह नहीं खुलने के बावजूद दर्द बढ़ाने के इंजेक्शन लगाए गए और जबरन डिलीवरी कराई गई, जिससे बच्ची के सिर और सीने में गंभीर चोट आई।
बच्ची को तुरंत आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। मामले में कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज की गई है। सिविल सर्जन आशीषन मिंज ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
जिले की 200 से ज्यादा राशन दुकानों में फरवरी का चावल नहीं
दुर्ग जिले की 656 शासकीय उचित मूल्य दुकानों में से लगभग 200 से अधिक दुकानों में फरवरी माह का चावल भंडारण अब तक नहीं हो पाया है। जिले में नान गोदाम खाली होने के कारण बालोद जिले से चावल मंगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार जिले को करीब डेढ़ लाख क्विंटल चावल की जरूरत होती है, लेकिन फोर्टिफाइड चावल की कमी के चलते भी वितरण प्रभावित हो रहा है। शासन के निर्देश पर दो माह का चावल एक साथ बांटना है, जिससे व्यवस्था और भी दबाव में है।
कलेक्टर जनदर्शन अब हर बुधवार
जिला प्रशासन ने जनदर्शन की तिथि बदल दी है। अब 18 फरवरी से कलेक्टर जनदर्शन हर बुधवार सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित होगा। आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए निर्धारित समय पर पहुंच सकते हैं।
पशु चिकित्सा अधिकारी निलंबित
शासकीय कार्यों में लापरवाही, उदासीनता और स्वेच्छाचारिता के आरोप में विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर अम्बुलकर को आयुक्त दुर्ग संभाग ने निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय राजनांदगांव रहेगा।
शासकीय कार्य में बाधा मामले में गिरफ्तारी
पटेल चौक बीएसएनएल ऑफिस के सामने मार्ग अवरुद्ध कर पुलिस से हाथापाई के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले में पहले ही पांच आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।
होली पर दुर्ग–मधुबनी स्पेशल ट्रेन
होली पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने दुर्ग–मधुबनी स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन 1 मार्च को दुर्ग से और 2 मार्च को मधुबनी से रवाना होगी।





