Janjgir-Champa। जिले के ग्राम भवंतरा में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। सुबह घटना का खुलासा उस समय हुआ जब एक मिस्त्री निर्माणाधीन मकान पर पहुंचा और चारों को खाट पर बेसुध हालत में पाया।
मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलने पर सरपंच राजाराम कश्यप ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद Chhattisgarh Police की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
एक संदेही हिरासत में
पुलिस ने मामले में एक संदेही को हिरासत में लिया है, जो मृतकों का रिश्तेदार बताया जा रहा है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
पूरे गांव में मातम
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सके।





