भिलाईनगर। दुर्ग-भिलाई और राजनांदगांव जिले में गुरुवार को अपराध, प्रशासनिक कार्रवाई, औद्योगिक गतिविधियों और जनहित से जुड़े कई अहम घटनाक्रम सामने आए। भिलाई इस्पात संयंत्र में स्क्रैप चोरी मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार हुआ है, वहीं जिले के सभी कोचिंग सेंटरों का फायर ऑडिट कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
BSP स्क्रैप चोरी मामले में 13वां आरोपी गिरफ्तार
भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में ब्लू डस्ट की आड़ में करीब 250 टन लोहा स्क्रैप चोरी के मामले में पुरानी भिलाई पुलिस ने फरार आरोपी तेजराम निषाद उर्फ दद्दू (35) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इस मामले में अब तक कुल 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
भारतीय नौसेना के युद्धपोतों के लिए BSP ने दी विशेष स्टील
भिलाई इस्पात संयंत्र सहित सेल की अन्य इकाइयों ने भारतीय नौसेना के हाल ही में कमीशन किए गए युद्धपोतों आईएनएस दूनागिरी, आईएनएस अग्रय और आईएनएस संशोधक के निर्माण के लिए विशेष रक्षा-ग्रेड स्टील की आपूर्ति की है। सेल प्रबंधन ने इसे देश की समुद्री सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत अभियान की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान बताया है।
दुर्ग जिले के सभी कोचिंग सेंटरों का होगा फायर ऑडिट
लखनऊ में कोचिंग सेंटर में लगी आग की घटना के बाद दुर्ग जिले के सभी कोचिंग संस्थानों का फायर ऑडिट कराया जाएगा। अग्निशमन विभाग की टीम सुरक्षा उपकरण, इमरजेंसी निकास, अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच करेगी। मानकों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों पर कार्रवाई की जा सकती है।
सेक्टर-9 अस्पताल के निजीकरण के विरोध में आंदोलन
बीएसपी अनाधिशासी कर्मचारी संघ (बीएकेएस) ने सेक्टर-9 स्थित जेएलएन अस्पताल के संभावित निजीकरण का विरोध करते हुए आंदोलन की घोषणा की है। 29 जून को कर्मचारी ब्लैक बैज लगाकर काम करेंगे, जबकि 30 जून को अस्पताल परिसर के सामने विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। यूनियन का कहना है कि निजीकरण से कर्मचारियों और आम लोगों पर स्वास्थ्य सेवाओं का आर्थिक बोझ बढ़ेगा।
सेक्टर-6 मार्केट क्षेत्र से हटाया गया अतिक्रमण
भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रवर्तन विभाग ने सेक्टर-6 मार्केट चौक और आसपास के इलाकों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। सड़क किनारे लगाए गए छह अस्थायी शेड हटाए गए तथा ठेले और अन्य अवैध कब्जों को भी हटाया गया। विभाग ने भविष्य में सार्वजनिक मार्ग बाधित नहीं करने की चेतावनी दी है।
23 एकड़ शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त
धमधा के ग्राम दारगांव में प्रशासन ने पांच जेसीबी मशीनों की मदद से करीब 23 एकड़ शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। लंबे समय से लंबित बेदखली आदेशों के बाद की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने अन्य सरकारी जमीनों से भी अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
शादी और ट्रांसफर का झांसा देकर 6 लाख की ठगी
दुर्ग में एक महिला शिक्षिका से शादी और स्थानांतरण कराने का झांसा देकर 6 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को सिंचाई विभाग का कर्मचारी बताते हुए महिला को विश्वास में लिया और पैसे ऐंठ लिए। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अटल आवास में मकान दिलाने के नाम पर 8 लाख की ठगी
राजनांदगांव में अटल आवास एवं हाउसिंग बोर्ड योजना के तहत मकान दिलाने का झांसा देकर 8.17 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी योगेश्वर पांडे उर्फ सोनू पांडे को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी खुद को नगर निगम कर्मचारी बताकर लोगों से पैसे वसूलता था।
परिक्रमा पथ के विरोध में कांग्रेस की चेतावनी
डोंगरगढ़ में निर्माणाधीन परिक्रमा पथ को लेकर कांग्रेस और स्थानीय नागरिकों ने विरोध दर्ज कराया है। कांग्रेस ने इसे अनुपयोगी परियोजना बताते हुए शहर में लंबे समय से लंबित बाईपास निर्माण शुरू करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर 30 जून को चक्का जाम आंदोलन की चेतावनी दी गई है।





