March 3, 2026

बस्तर में धान खरीदी पर सवाल, जगदलपुर में सख्ती; दंतेवाड़ा में फागुन मेला अंतिम चरण में

धान खरीदी में गड़बड़ी, जांच के घेरे में केंद्र

बस्तर। बस्तर संभाग में धान खरीदी को लेकर प्रशासन भले व्यवस्था सामान्य बता रहा हो, लेकिन संग्रहण केंद्रों में पहुंच रहे धान की गुणवत्ता ने सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। छोटे देवड़ा संग्रहण केंद्र में जांच के दौरान बीजापुर जिले से आए कई बोरे घटिया गुणवत्ता के पाए गए, जिन्हें अलग रखवाया गया है।

कोपा गुड़ा केंद्र में भी खराब धान की छंटाई जारी है। इस वर्ष केवल दो संग्रहण केंद्रों पर करीब 10 लाख क्विंटल धान भंडारण की योजना है, जिसमें से अब तक चार लाख क्विंटल से अधिक धान पहुंच चुका है। मिलर्स की लेटलतीफी से खरीदी केंद्रों पर दबाव बढ़ता जा रहा है। 31 मार्च की समयसीमा को देखते हुए प्रशासनिक तंत्र पर अतिरिक्त भार है।

बीजापुर से आए धान पर सवाल

बीजापुर। बीजापुर जिले के उसूर और पोंगी पल्ली केंद्रों से भेजे गए धान के कई बोरे मानकों पर खरे नहीं उतरे। संग्रहण केंद्र पहुंचने के बाद गड़बड़ी उजागर हुई। खराब धान को अलग कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। संभावना है कि संबंधित केंद्रों को धान वापस भेजा जाए। एक जिले की लापरवाही दूसरे जिले की व्यवस्था पर असर डाल रही है।

चाकू के दम पर दहशत, आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर। जगदलपुर के बोधघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर महिला से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। उसके कब्जे से देसी बंडा चाकू जब्त किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। होली से पहले इस कार्रवाई को सख्त संदेश माना जा रहा है।

छात्रावास में छात्र की आत्महत्या

दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा में 10वीं के एक छात्र ने छात्रावास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र ने हाथ पर संदेश लिखकर किसी को जिम्मेदार न ठहराने की बात कही है। आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद छात्रावास व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

फागुन मेला अंतिम चरण में

दंतेवाड़ा। मां दंतेश्वरी की नगरी दंतेवाड़ा में फागुन मेला अपने अंतिम चरण में है। मुख्य मेले के दिन मां दंतेश्वरी की पालकी नगर भ्रमण पर निकलेगी। राजपरिवार के सदस्य पारंपरिक रूप से शामिल होंगे। रंग-भंग और पादुका पूजन की रस्में निभाई जाएंगी। एक हजार से अधिक देव विग्रह मेले में पहुंचे हैं।

हर्बल गुलाल की बढ़ी मांग

जगदलपुर। जगदलपुर में होली से पहले हर्बल गुलाल की मांग बढ़ी है। कलेक्टोरेट परिसर में महिला समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल में प्राकृतिक और केमिकल-फ्री गुलाल उपलब्ध है। इस पहल से महिलाओं को रोजगार और स्थानीय उत्पादों को मंच मिल रहा है।

भाजपा का वक्ता प्रशिक्षण अभियान

बस्तर। भाजपा ने मंडल स्तर पर पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान शुरू करने की घोषणा की है। 7 मार्च से मंडल स्तर पर दो दिवसीय अभ्यास वर्ग आयोजित होंगे। सरकारी योजनाओं की जानकारी, सोशल मीडिया उपयोग और संगठनात्मक संवाद पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

होली से पहले पुलिस का फ्लैग मार्च

जगदलपुर। जगदलपुर में होली को देखते हुए पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। नशे में वाहन चलाने, तीन सवारी और तेज रफ्तार पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अफवाह फैलाने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण होली मनाने की अपील की है।