बीएसपी के रिटायर्ड कार्मिकों पर आवास खाली कराने का संकट
भिलाईनगर। बीएसपी नगर सेवाएं विभाग ने रिटायर्ड कार्मिकों को लाइसेंस पर दिए गए आवासों का रिनीवल बंद कर दिया है। साथ ही नए आवंटन पर भी रोक लगा दी गई है। इससे करीब 8000 लाइसेंसधारी रिटायर्ड कार्मिकों पर आवास खाली कराने का संकट मंडराने लगा है।
बताया जा रहा है कि दिल्ली स्तर से मिले निर्देशों के बाद रिटायर्ड कार्मिकों और थर्ड पार्टी को आवास आवंटन रोक दिया गया है। वर्ष 2009 से शुरू हुई इस व्यवस्था के तहत हजारों लोगों को लाइसेंस पर आवास दिए गए थे।
दवा व्यापार बंद, प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
दुर्ग। ऑनलाइन दवा कारोबार के विरोध में 20 मई को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद का असर दुर्ग जिले में भी देखने को मिलेगा।
कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था और हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जन औषधि केंद्र और धनवंतरी मेडिकल स्टोर्स खुले रहेंगे।
बीएसपी में लागू हुई वीआर स्कीम 2026
भिलाईनगर। बीएसपी मैनेजमेंट ने वीआर स्कीम 2026 लागू कर दी है। 20 मई से 20 जुलाई तक पात्र कर्मचारी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
योजना के तहत 15 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके और 50 वर्ष आयु वाले कर्मचारी आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से संचालित होगी।
घुमका नगर पंचायत चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार
राजनांदगांव। पहली बार नगर पंचायत बने घुमका में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होने की संभावना है।
नगर पंचायत के 15 वार्डों के लिए अब तक 63 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। नाम वापसी के बाद चुनावी तस्वीर साफ होगी। मतदान 1 जून और मतगणना 4 जून को होगी।
हटाए गए राजनांदगांव कोतवाली टीआई
राजनांदगांव। शहर में बिगड़ती कानून व्यवस्था के बीच कोतवाली थाना प्रभारी मिलन सिंह को हटा दिया गया है। उनकी जगह उपेन्द्र शाह को नया टीआई बनाया गया है।
हाल के दिनों में शहर में हत्या, चोरी, मारपीट और लव जिहाद मामले को लेकर कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे थे।
शराब दुकान हटाने के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन
छुरिया। ग्राम गैंदाटोला में शासकीय शराब दुकान को यथावत रखने की मांग को लेकर ग्रामीणों और व्यापारियों ने बंद और प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने पूर्व विधायक छन्नी चंदू साहू के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। उनका कहना है कि दुकान से मिलने वाली राशि गांव के सामाजिक कार्यों में उपयोग होती है।
क्रेस्ट स्टील कंपनी में छठवें दिन भी हड़ताल जारी
राजनांदगांव। क्रेस्ट स्टील कंपनी के मजदूरों का धरना-प्रदर्शन छठवें दिन भी जारी रहा। मजदूरों ने वेतन विसंगति और श्रेणीवार वर्गीकरण नहीं किए जाने का आरोप लगाया है।
मजदूर संगठनों का कहना है कि कंपनी द्वारा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने के कारण त्रिपक्षीय वार्ता भी विफल हो गई।
सरकारी धान की अवैध खरीदी मामले में आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव। मोहारा सोसायटी में सरकारी धान की अवैध खरीदी और गबन मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया कि फर्जी सूखत दिखाकर करीब 995 क्विंटल धान का गबन किया गया, जिससे शासन को 30 लाख रुपए से अधिक की आर्थिक क्षति हुई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





