खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान मुख्य मार्ग पर रविवार रात तेज रफ्तार थार की टक्कर से एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका और बाइक को करीब चार किलोमीटर तक सड़क पर घसीटते हुए ले गया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने थार में सवार चार युवकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
ससुराल से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, घायल युवक की पहचान मिथलेश कुमार, निवासी ग्राम कटोरी खोलवा (जिला कबीरधाम) के रूप में हुई है। वह अपने ससुराल ग्राम भुलाटोला से बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार थार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
4 किलोमीटर तक घसीटती रही बाइक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद थार चालक वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से आगे बढ़ता रहा और बाइक को करीब चार किलोमीटर तक घसीटता ले गया। इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई अन्य राहगीर भी हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए।
घायल का अस्पताल में उपचार जारी
हादसे में गंभीर रूप से घायल मिथलेश कुमार को तत्काल छुईखदान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
भिलाई के बताए जा रहे हैं चारों युवक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, थार में सवार चारों युवक भिलाई के निवासी हैं। वे छुईखदान क्षेत्र स्थित छिंदारी बांध घूमने आए थे और वहां से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और थार में सवार चारों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। मामले में जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





