July 23, 2026

NEET मुद्दे पर कांग्रेस पर बरसे किरण सिंहदेव, बोले- छात्रों के आंदोलन को राजनीति की भेंट चढ़ा दिया

रायपुर। NEET पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस के प्रधानमंत्री आवास के समक्ष किए गए प्रदर्शन पर छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने छात्रों के हितों के नाम पर आंदोलन को राजनीतिक रंग दे दिया और वास्तविक मुद्दे से ध्यान भटका दिया।

रायपुर में प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कण्डेय, अखिलेश जैन सहित अन्य नेताओं की मौजूदगी में आयोजित प्रेसवार्ता में किरण सिंहदेव ने कहा कि संसद में छात्रों की समस्याओं और NEET परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए थी, लेकिन कांग्रेस ने निजी राजनीतिक स्वार्थ के लिए छात्रों के आंदोलन की बलि चढ़ा दी। उन्होंने कहा कि छात्रों के हित में कोई ठोस चर्चा नहीं होने दी गई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों की चिंताओं से भली-भांति अवगत हैं। इसी कारण परीक्षा दोबारा कराने और पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस मामले में पूरी जिम्मेदारी के साथ काम कर रही है और संसद में चर्चा के लिए भी तैयार है, लेकिन कांग्रेस सदन के बाहर हंगामा कर मुद्दे को दूसरी दिशा में ले जाने का प्रयास कर रही है।

किरण सिंहदेव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान मर्यादाओं का उल्लंघन हुआ, पत्रकारों पर हमला किया गया और प्रधानमंत्री के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया, जो भारतीय लोकतांत्रिक परंपरा और सभ्यता के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में छात्रों के हित में होती तो संसद में चर्चा से नहीं भागती।

उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान केवल किताब लेकर घूमने से नहीं होता, बल्कि संवैधानिक संस्थाओं और संसद की गरिमा बनाए रखने से होता है। राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर हैं, लेकिन उनके व्यवहार से संसद की गरिमा प्रभावित हो रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि पेपर लीक की घटनाएं पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के दौरान भी हुई थीं। उन्होंने एम्स, हरियाणा और रेलवे भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।

रायपुर में भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय घेराव कार्यक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए किरण सिंहदेव ने कहा कि भाजपा का प्रदर्शन पूरी तरह अनुशासित था। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदर्शन स्थल पर बड़ी मात्रा में पत्थर कैसे पहुंचे और पत्थरबाजी किसने की। उनका दावा था कि भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से किसी भी प्रकार की हिंसक घटना नहीं हुई।