July 23, 2026

जगदलपुर में महिला आरक्षक 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, ACB की बड़ी कार्रवाई

जगदलपुर। बस्तर जिले के कोड़ेनार थाना में पदस्थ महिला आरक्षक तिलेश्वरी साहू को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ट्रैक्टर सुपुर्द करने के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने के बाद ACB ने जाल बिछाकर यह कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, एक सड़क दुर्घटना के मामले में कोड़ेनार पुलिस ने एक ट्रैक्टर जब्त किया था। बाद में न्यायालय ने ट्रैक्टर मालिक बंगालु यादव के पक्ष में सुपुर्दनामा जारी करते हुए वाहन सौंपने का आदेश दिया। आरोप है कि कोर्ट के आदेश के बावजूद महिला आरक्षक तिलेश्वरी साहू ट्रैक्टर छोड़ने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रही थी।

पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। जैसे ही महिला आरक्षक ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल ACB की टीम आरोपी महिला आरक्षक से पूछताछ कर रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।