दुर्ग। दुर्ग-भिलाई और राजनांदगांव क्षेत्र में शिक्षा, प्रशासन, नगर निगम और अपराध से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आई हैं। कैलाश नगर के एक ही स्कूल में तीन प्रधान पाठकों की पदस्थापना से लेकर खाद कारोबारी की गिरफ्तारी और भिलाई निगम में अधिकारियों के प्रभार बदलने तक, पढ़िए क्षेत्र की प्रमुख खबरें।
एक स्कूल में तीन प्रधान पाठक, दो को दूसरी जगह भेजा गया
दुर्ग। जिले के कई प्राथमिक स्कूलों में प्रधान पाठक के पद रिक्त हैं, वहीं कैलाश नगर स्थित प्राथमिक शाला में एक साथ तीन प्रधान पाठकों की पदस्थापना कर दी गई। स्थिति को देखते हुए प्रथम आओ, प्रथम पाओ की नीति के तहत पहले पहुंचने वाले प्रधान पाठक को स्कूल में ज्वाइनिंग दी गई। वहीं अन्य दो प्रधान पाठकों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दूसरे स्कूलों में पदस्थ किया गया है।
जानकारी के मुताबिक श्रीमती आभा नामदेव का स्थानांतरण प्राथमिक शाला कृतबांस, विकासखंड छुईखदान, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई से प्राथमिक शाला कैलाश नगर दुर्ग किया गया था। वहीं प्रशांत देवांगन का स्थानांतरण शासकीय प्राथमिक शाला गाड़ाघाट, विकासखंड धमधा से कैलाश नगर दुर्ग किया गया। एक अन्य प्रधान पाठक की भी इसी स्कूल में पदस्थापना हुई थी।
इस मामले ने शिक्षा विभाग की ट्रांसफर-पोस्टिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। आरोप है कि स्कूलों के स्वीकृत सेटअप और रिक्त पदों की जानकारी का पर्याप्त मिलान किए बिना पदस्थापना की गई, जिसके कारण एक ही स्कूल में तीन प्रधान पाठक पहुंच गए।
खाद कारोबारी गिरफ्तार, निर्धारित दर से अधिक कीमत पर उर्वरक बेचने का आरोप
भिलाईनगर। किसानों को शासन द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर यूरिया और अन्य उर्वरक बेचने के मामले में कुम्हारी स्थित ऋषभ राज फर्टिलाइजर के संचालक मनीष गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
शिकायत मिलने के बाद 13 जून को फर्टिलाइजर निरीक्षक सरिता साहू ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया था। जांच में साक्ष्य मिलने के बाद उन्होंने कुम्हारी थाने में लिखित शिकायत दी।
इसके आधार पर आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 50 वर्षीय मनीष गुप्ता, निवासी वार्ड क्रमांक 15 शंकर नगर कुम्हारी को गिरफ्तार किया गया।
चार स्कूलों में बनेंगे मैथ्स पार्क
दुर्ग। बच्चों के बीच गणित के डर को कम करने और उन्हें व्यवहारिक तरीके से गणित सिखाने के लिए जिले के चार स्कूलों में मैथ्स पार्क बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है।
समग्र शिक्षा की वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट 2026-27 के तहत प्रत्येक जिले में एक मैथ्स पार्क की स्वीकृति मिली है। दुर्ग जिले से कक्षा 6वीं से 12वीं तक संचालित चार स्कूलों का चयन किया गया है।
इनमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंजोरा ढाबा, सेजस दीपकनगर, सेजस कुम्हारी और सेजस जामगांव (एम.) शामिल हैं। इन स्कूलों में पर्याप्त जगह उपलब्ध होने के साथ बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम भी बेहतर रहे हैं।
मैथ्स पार्क में बच्चे खेल, मॉडल और गतिविधियों के माध्यम से कोण, क्षेत्रफल, आकृति, संख्या, ज्यामिति, त्रिकोणमिति और मापन जैसे विषयों को समझ सकेंगे। इसका उद्देश्य गणित को रटने के बजाय उसे प्रयोग और गतिविधियों के माध्यम से सीखने को बढ़ावा देना है।
भिलाई निगम के अधिकारियों के बदले प्रभार
भिलाईनगर। भिलाई नगर निगम में अधिकारियों के कार्यों और अतिरिक्त जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। अपर आयुक्त राजेंद्र कुमार दोहरे, अधीक्षण अभियंता अजीत कुमार तिग्गा, कार्यपालन अभियंता सुनील जैन और सहायक अभियंता अजय सिंह गौर को अतिरिक्त दायित्व सौंपे गए हैं।
अपर आयुक्त राजेंद्र कुमार दोहरे को निगम की आय बढ़ाने, कर वसूली और वित्तीय मामलों का नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्हें संपत्ति कर और जलकर वसूली, निगम सचिव, RTI के प्रथम अपीलीय अधिकारी समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।
अधीक्षण अभियंता अजीत कुमार तिग्गा को प्रभारी मुख्य अभियंता, दो करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य, जोन 4-5 और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जिम्मेदारियां मिली हैं।
कार्यपालन अभियंता सुनील जैन को 77 MLD जलकार्य एवं जन स्वास्थ्य विभाग, जलकर वसूली और जल शक्ति अभियान से जुड़े दायित्व सौंपे गए हैं। वहीं सहायक अभियंता अजय सिंह गौर को भवन अनुज्ञा शाखा, जलकार्य, ऊर्जा ऑडिट और विधानसभा-संसद के प्रश्नों से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है।
लीना कोसम होंगी दुर्ग निगम की नई आयुक्त
दुर्ग। नगर निगम दुर्ग में आयुक्त पद पर राज्य शासन ने 2020 बैच की IAS अधिकारी लीना कोसम की नियुक्ति की है। लीना कोसम वर्तमान में लोक सेवा आयोग में परीक्षा नियंत्रक के पद पर कार्यरत थीं।
भिलाई निगम के 5 जोनों को 224.35 लाख रुपये का आवंटन
भिलाईनगर। वित्तीय वर्ष 2024-25 के तहत पार्षद निधि की शेष 50 प्रतिशत राशि जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नगर निगम को निर्धारित प्रारूप में उपयोगिता प्रमाण पत्र और कराए गए विकास कार्यों का विवरण 7 दिनों के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
भिलाई नगर निगम के पांच जोनों के लिए कुल 224.35 लाख रुपये की राशि आवंटित की गई है। इसमें जोन-1 को 50.96 लाख, जोन-2 को 50.23 लाख, जोन-3 को 36.31 लाख, जोन-4 को 56.50 लाख और जोन-5 को 30.35 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।
इस राशि से नाली निर्माण, सीमेंटीकरण, बोर खनन, पाइपलाइन, बस स्टॉप, सार्वजनिक बैठने की व्यवस्था और अन्य विकास कार्य कराए जाने हैं।
पूर्व ब्रांच मैनेजर पर 14.91 लाख रुपये के गबन का आरोप
राजनांदगांव। ट्रैक्टर डीलरशिप की राजनांदगांव शाखा में पूर्व ब्रांच मैनेजर पर फर्म को 14 लाख 91 हजार 393 रुपये की चपत लगाने का आरोप लगा है। फर्म की आंतरिक जांच में बिक्री से प्राप्त रकम के हिसाब में गड़बड़ी सामने आने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने पूर्व मैनेजर कुमुद उपाध्याय के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
फर्म अरुण एग्रीकल्चर के संचालक संतोष अग्रवाल ने वित्तीय गड़बड़ी की जांच की जिम्मेदारी रिटेल मैनेजर नरिंदर साहनी को दी थी। जांच के दौरान ट्रैक्टर बिक्री, लेजर और जमा रकम का मिलान किया गया। इसमें करीब 14.91 लाख रुपये फर्म के खाते में जमा नहीं होने की बात सामने आई।
आरोप है कि रकम जमा नहीं करने के साथ 31 मार्च 2025 के लेजर में व्हाइटनर लगाकर रिकॉर्ड में छेड़छाड़ की गई। शिकायत में आरोपी द्वारा रकम स्वीकार करने और इकरारनामा व शपथ पत्र देने का भी उल्लेख किया गया है।
फर्म के अनुसार अब तक करीब 3.83 लाख रुपये जमा किए जा चुके हैं, जबकि करीब 11.07 लाख रुपये बकाया हैं। हालांकि शिकायत में जमा रकम को लेकर अलग-अलग आंकड़े दर्ज हैं। पुलिस बैंक रिकॉर्ड, लेजर, बिक्री रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की जांच कर वास्तविक बकाया राशि का पता लगा रही है।





