भिलाई में 7 जगहों पर लगेंगे मिलेट कार्ट
भिलाईनगर। शहरवासियों को अब मिलेट यानी मोटे अनाज से बने पौष्टिक व्यंजन आसानी से मिल सकेंगे। भिलाई नगर निगम क्षेत्र में उज्जवला स्व सहायता समूह वार्ड-41 छावनी द्वारा मिलेट कार्ट शुरू किया गया है। मंगलवार से इसकी शुरुआत हो गई है। शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी मिलेट कार्ट लगाए जा रहे हैं।
इन कार्ट पर कोदो-कुटकी की खीर, रागी का हलवा, भजिया, उपमा, मिलेट पास्ता, रागी नूडल्स, मोमोज, कुकीज, मिल्कशेक, इडली, डोसा और पोहा जैसे व्यंजन उपलब्ध होंगे। स्टेशन रोड भिलाई नगर, सुपेला घड़ी चौक, गुरुद्वारा रोड नेहरू नगर, ट्रेजर आईलैंड मॉल, नेहरू नगर एलीट हेल्थ क्लब, भिलाई नगर निगम और लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला में मिलेट कार्ट लगाए जाएंगे।
शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 2 करोड़ की धोखाधड़ी
दुर्ग। शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 10 लोगों से करोड़ों रुपये की रकम लेने वाले आरोपी को दुर्ग कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रकाश सिन्हा ने वर्ष 2021-22 के दौरान कुल 3 करोड़ 4 लाख 50 हजार रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवाए थे।
आरोपी ने 1 करोड़ 3 लाख 60 हजार रुपये वापस किए, लेकिन 2 करोड़ 90 हजार रुपये वापस नहीं किए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में संलिप्तता स्वीकार करने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जिले में 1.05 लाख हेक्टेयर फसल का बीमा
दुर्ग। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2026 में जिले के 1 लाख 5 हजार 181 हेक्टेयर क्षेत्र में फसलों का बीमा कराया गया है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 5 हजार हेक्टेयर से अधिक अतिरिक्त क्षेत्र को बीमा सुरक्षा के दायरे में लाया गया है।
धान सिंचित क्षेत्र में 90 हजार हेक्टेयर, असिंचित क्षेत्र में 13 हजार 862 हेक्टेयर, सोयाबीन में 1 हजार 45 हेक्टेयर और अरहर में 26 हेक्टेयर क्षेत्र का बीमा हुआ है। करीब 89 हजार 316 किसानों ने अपनी फसलों का बीमा कराया है। बीमा कंपनी को प्रीमियम के रूप में 13 करोड़ 40 लाख रुपये प्राप्त हुए हैं।
अफीम खेती मामले में विनायक ताम्रकार को हाईकोर्ट से जमानत
दुर्ग। पुलगांव थाना क्षेत्र के चर्चित अफीम खेती मामले में आरोपी विनायक ताम्रकार को बिलासपुर हाईकोर्ट से नियमित जमानत मिल गई है। बचाव पक्ष ने दलील दी कि आरोपी के खिलाफ अफीम की खेती में प्रत्यक्ष या स्वतंत्र साक्ष्य नहीं है। कथित भूमि भी उसके नाम पर दर्ज नहीं थी और उसके कब्जे से कोई मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ।
हाईकोर्ट ने मामले की परिस्थितियों, उपलब्ध साक्ष्यों और जांच पूरी होने के साथ आरोप पत्र दाखिल होने को ध्यान में रखते हुए जमानत मंजूर की। हालांकि, इसी मामले में एफआईआर रद्द करने के लिए दायर आवेदन को हाईकोर्ट पहले खारिज कर चुका है।
हरितालिका तीज पर पसहर चावल 200 रुपये किलो
राजनांदगांव। हरितालिका तीज पर्व को लेकर राजनांदगांव में महिलाओं में खासा उत्साह है। पर्व के लिए बाजारों में पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए भीड़ रही। इस दौरान व्रत और पूजा में उपयोग होने वाला पसहर चावल करीब 200 रुपये प्रति किलो तक बिका।
महिलाएं निर्जला व्रत रखकर शाम को घर के आंगन में सगरी बनाकर भगवान शिव, माता पार्वती और भगवान गणेश की पूजा करेंगी। परिवार की सुख-समृद्धि, पति की लंबी आयु और बच्चों के सुख-स्वास्थ्य की कामना की जाएगी।
लिफ्ट देकर चाकू की नोक पर 48,500 रुपये लूटे, दो गिरफ्तार
राजनांदगांव। लिफ्ट देने के बहाने युवक से चाकू की नोक पर 48 हजार 500 रुपये और मोबाइल लूटने वाले दो आरोपियों को चिखली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना 12 अगस्त की रात की बताई गई है।
पुलिस ने ग्राम बोरी में दबिश देकर विष्णु पटौती और अश्वनी उर्फ अश्वनी नेताम को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, 300 रुपये, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और चाकू बरामद किया गया है। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
फर्जी सिम एक्टिवेट कर धोखाधड़ी, फरार आरोपी गिरफ्तार
छुरिया। फर्जी सिम एक्टिवेट कर उनकी खरीद-बिक्री के जरिए लाखों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में फरार आरोपी गुलशन कुमार खोबरागढ़े उर्फ राजा को गैंदाटोला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में पुलिस पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। गुलशन घटना के बाद से फरार था। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसका लोकेशन ग्राम होड़ीटोला में ट्रेस किया। पूछताछ में आरोपी ने फर्जी तरीके से सिम एक्टिवेट करवाकर खरीद-बिक्री करने और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर अवैध लाभ कमाने की बात स्वीकार की।





