दुर्ग। दुर्ग-भिलाई-राजनांदगांव संभाग में अपराध, ठगी, सड़क हादसे और खेल से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आई हैं। ऑनलाइन विज्ञापन के जरिए सामान बेचने वाले व्यक्ति से लाखों की ठगी हुई, वहीं सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर दो अलग-अलग मामलों में लाखों रुपये ऐंठे गए। राजनांदगांव में नाबालिग पर चाकू से हमला और डोंगरगांव में मवेशी से टकराकर युवक की मौत का मामला सामने आया है।
ऑनलाइन विज्ञापन पोस्ट करना पड़ा महंगा, 2.37 लाख की ठगी
दुर्ग। पुराने स्पोर्ट्स और फिटनेस उपकरण बेचने के लिए OLX पर विज्ञापन पोस्ट करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। सामान खरीदने के बहाने आरोपी ने भुगतान के नाम पर अलग-अलग UPI ट्रांजैक्शन करवाकर शिकायतकर्ता से 2 लाख 37 हजार 222 रुपये की ठगी कर ली।
पुलिस के मुताबिक स्मृति नगर भिलाई निवासी विशेष टिपले ने 28 जुलाई को OLX पर सामान बेचने का विज्ञापन डाला था। आरोपी अशोक कुमार ने खरीदारी के लिए संपर्क किया और मर्चेंट बैंकिंग सिस्टम के जरिए भुगतान करने की बात कही। पहले 5 रुपये का ट्रांजैक्शन करवाकर आरोपी ने भरोसा जीता। इसके बाद रिफंड और राशि रिलीज करने के नाम पर अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर करवाई। शिकायत पर सुपेला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर सेना में नौकरी का झांसा, 6.30 लाख रुपये की ठगी
दुर्ग। नगर सेना में नौकरी लगवाने का झांसा देकर महिला के पति से 6.30 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलगांव पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद की नगर सेना के अधिकारी से पहचान होने की बात कहकर नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था।
पुलिस के अनुसार ग्राम चंदखुरी निवासी किरण चंद्राकर के पति से आरोपी इसरार खान ने अलग-अलग 15 किश्तों में 6.30 लाख रुपये लिए। रकम लेने के बाद भी नौकरी नहीं लगवाई और पैसे वापस मांगने पर टालमटोल करता रहा। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
सरकारी नौकरी के नाम पर महिला से 3.90 लाख की ठगी
दुर्ग। महिला एवं बाल विकास विभाग में सहायक ग्रेड-3 की सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक महिला से 3 लाख 90 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पदमनाभपुर पुलिस ने आरोपी अजाजूर रहीम कुरैशी के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता लक्ष्मी नगर निगम में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर काम करती हैं। इसी दौरान उनकी पहचान नगर निगम में कंप्यूटर रिपेयरिंग का काम करने वाले आरोपी से हुई। आरोपी ने विभागीय अधिकारियों से पहचान होने का दावा करते हुए नौकरी लगवाने के बदले 4 लाख रुपये मांगे। महिला ने जून 2025 से अगस्त 2025 के बीच फोन-पे के जरिए 3.90 लाख रुपये दे दिए। आरोपी ने 35 हजार रुपये वापस किए, लेकिन बाकी रकम नहीं लौटाई और नौकरी भी नहीं लगवाई।
साथ चलने से मना किया तो नाबालिग पर चाकू से हमला
राजनांदगांव। तुमड़ीबोड़ चौकी क्षेत्र में साथ चलने से मना करने पर एक युवक ने 17 वर्षीय नाबालिग पर चाकू से हमला कर दिया। घायल युवक के हाथ में चोट आई है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी जिनेन्द्र पाल कोरे (22) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक 27 अगस्त को नाबालिग रामनगर गौठान के पास बैठा था। इसी दौरान आरोपी ने उसे अपने साथ चलने को कहा। मना करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ BNS और आर्म्स एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की गई है।
मवेशी से टकराई बाइक, युवक की मौत
डोंगरगांव। साकेतधाम मंदिर के पास सड़क पर अचानक सामने आए मवेशी से बाइक टकराने के बाद एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजाखुज्जी निवासी मोहनानंद यादव (36) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मोहनानंद बाइक से अपने पिता को लेने डोंगरगांव पहुंचे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक गाय आ गई और बाइक उससे जा टकराई। हादसे में मोहनानंद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
5 साल की मासूम से दुष्कर्म का आरोप, 15 वर्षीय नाबालिग पर केस
अंबागढ़ चौकी। अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र में 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार मामले में 15 वर्षीय नाबालिग के खिलाफ BNS की धारा 65(2) और 115(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
परिजनों के मुताबिक बुधवार शाम घर के पीछे छोटे तालाब के पास बच्ची के साथ घटना हुई। घटना के बाद बच्ची को अस्पताल ले जाया गया। गांव में बैठक के दौरान कथित आरोपी की ओर से कोई स्वीकारोक्ति नहीं होने पर 112 को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बच्ची और आरोपी बताए जा रहे नाबालिग को चौकी लाया और कार्रवाई शुरू की।
पीड़ित परिवार ने आरोपी पक्ष की ओर से समझौते का दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया है। परिजनों ने किसी भी समझौते से इनकार करते हुए कानूनी कार्रवाई और न्याय की मांग की है।





