16 पंचायत सचिवों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश
दुर्ग। जिला पंचायत सभा कक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी की अध्यक्षता में जनपद पंचायत धमधा के ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में अनुपस्थित पाए गए 16 ग्राम पंचायत सचिवों के एक दिन का वेतन काटने के आदेश जारी किए गए हैं। यह कटौती फरवरी 2026 के वेतन से की जाएगी।
ग्राम पंचायत पंगबंधी के सचिव को समर्थ पोर्टल पर कार्य नहीं करने के कारण निलंबन नोटिस जारी किया गया है। वहीं रहटादाह और फुण्डा पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में लापरवाही पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
देवबलोदा महोत्सव का शुभारंभ
भिलाई तीन। नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा के तत्वावधान में देवबलोदा महोत्सव 15 और 16 फरवरी को आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन कलचुरी कालीन शिव मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि पर्व पर हो रहा है।
पहले दिन मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल और दूसरे दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल होंगे। कार्यक्रम में बॉलीवुड गायिका, लोकसंगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
ट्रक की टक्कर से युवती की मौत
भिलाईनगर। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवती गूंजा चतुर्वेदी (28) की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चालक दीपक मोंगराज गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पोस्ट ऑफिस में करोड़ों का गबन, पोस्ट मास्टर फरार
डोंगरगढ़। ग्राम जटकन्हार के पोस्ट ऑफिस में फर्जी पासबुक के जरिए करोड़ों रुपए के गबन का मामला सामने आया है। पोस्ट मास्टर आशीष मंडावी पर करीब 3000 खाताधारकों से एक करोड़ से अधिक की राशि हड़पने का आरोप है।
ग्रामीणों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। नए पोस्ट मास्टर चंद्रशेखर पटेल ने 100 से अधिक खातों की जांच में करीब 10 लाख रुपए की गड़बड़ी की पुष्टि की है।
1962 पर कॉल कर मिलेगा पशु उपचार
भारत सरकार के राष्ट्रीय गोकुल मिशन और नेशनल लाइव स्टॉक मिशन के तहत दुर्ग जिले में निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने पशुपालकों को 1962 नंबर पर कॉल कर मोबाइल वेटनरी यूनिट से तत्काल उपचार सुविधा लेने की जानकारी दी।
433 करोड़ के ऋण में से 331 करोड़ की वसूली
दुर्ग जिला सहकारी केंद्रीय बैंक से किसानों द्वारा लिए गए 433 करोड़ रुपये के कृषि ऋण में से अब तक 331 करोड़ रुपये की ही वसूली हो पाई है। कुल वसूली 76.38 प्रतिशत रही। बालोद जिले में सर्वाधिक 77.63 प्रतिशत और बेमेतरा में सबसे कम 63.19 प्रतिशत वसूली दर्ज की गई।
मंडी में बढ़ी धान की आवक
राजनांदगांव। बसंतपुर स्थित कृषि उपज मंडी में धान खरीदी केंद्र बंद होने के बाद प्रतिदिन 2 से 3000 कट्टा धान पहुंच रहा है। मंडी शुल्क वसूली की सख्ती से धान की बोली पर असर पड़ा है। धान के साथ दलहन-तिलहन की आवक भी बढ़ी है।





