September 4, 2026

दुर्ग-भिलाई-राजनांदगांव में पुलिस का एक्शन और हादसों की खबरें: 2 आरक्षक निलंबित, पेपर लीक मामले में प्राचार्य-मास्टरमाइंड बर्खास्त; अंडरब्रिज की मांग को लेकर प्रदर्शन

दुर्ग-भिलाई-राजनांदगांव। संभाग में रविवार को हादसे, पुलिस कार्रवाई, पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई और ग्रामीणों के प्रदर्शन से जुड़ी कई अहम घटनाएं सामने आईं। खुर्सीपार में ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, वहीं आरोपी को छोड़ने के लिए दबाव बनाने के मामले में दो आरक्षकों को निलंबित किया गया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के पेपर लीक मामले में प्राचार्य और कथित मास्टरमाइंड को बर्खास्त किया गया है। इसके अलावा परमालकसा रेलवे स्टेशन के पास अंडरब्रिज की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।

ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत

भिलाईनगर। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के रेलवे क्रॉसिंग खुर्सीपार गेट पर रविवार देर रात करीब 12 बजे एक अज्ञात युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतक की उम्र करीब 26 वर्ष बताई जा रही है।

सूचना मिलने के बाद खुर्सीपार पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।

आरोपी को छोड़ने के लिए दबाव बनाने पर 2 आरक्षक निलंबित

भिलाईनगर। आबकारी एक्ट के आरोपी को छोड़ने के लिए अनुचित दबाव बनाने और थाना खुर्सीपार में अभद्र व्यवहार व अनुशासनहीन आचरण करने के मामले में दुर्ग पुलिस के दो आरक्षकों को निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार आरक्षक सोनू चौहान, थाना छावनी और आरक्षक चंद्रभान चौहान, थाना खुर्सीपार ने 22 अगस्त की रात थाना खुर्सीपार में प्रधान आरक्षक रामनारायण यदु के साथ आबकारी एक्ट के आरोपी को छोड़ने के लिए कथित तौर पर अनुचित दबाव बनाया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र दुर्ग से संबद्ध किया गया है। निलंबन अवधि में दोनों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

कथा से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत

भिलाईनगर। सेक्टर-6 स्थित सतनाम भवन के पास शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक अपने दोस्त के साथ पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा से लौट रहा था। इसी दौरान उनकी गाड़ी सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकरा गई।

मृतक की पहचान रामनगर निवासी दुष्यंत सिन्हा (20) के रूप में हुई है। हादसे में दुष्यंत को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे में शामिल ट्रैक्टर भिलाई नगर निगम का बताया जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

कृषि विश्वविद्यालय के पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई

भिलाई। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने पेपर लीक मामले में कार्रवाई करते हुए बीएससी कृषि प्रथम वर्ष की प्लांट पैथोलॉजी परीक्षा को निरस्त कर दिया है। 7 अगस्त को आयोजित इस परीक्षा का प्रश्नपत्र भी लीक होने की जानकारी पुलिस जांच में सामने आई थी।

इससे पहले 20 अगस्त को आयोजित बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष की एंटोमोलॉजी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के बाद परीक्षा निरस्त की गई थी। अब दोनों परीक्षाएं सितंबर के पहले सप्ताह में दोबारा आयोजित की जाएंगी।

विश्वविद्यालय की आपात बैठक में परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने में कथित चूक को लेकर दुर्ग स्थित भारती कृषि महाविद्यालय को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया है।

वहीं पेपर लीक मामले में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए छात्रों के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए विश्वविद्यालय ने प्रश्नपत्र भेजने की प्रक्रिया में बदलाव किया है। 22 अगस्त की परीक्षा के प्रश्नपत्र हार्ड कॉपी के बजाय पासवर्ड प्रोटेक्टेड ईमेल के जरिए कॉलेजों को भेजे गए।

दुर्ग के भारती कृषि महाविद्यालय प्रबंधन ने भी लापरवाही के आरोप में प्राचार्य डॉ. ए.के. दुबे को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। वहीं पेपर लीक के कथित मास्टरमाइंड योगेश सोनकेसरिया को भी नौकरी से निकाल दिया गया है।

विश्वविद्यालय ने परीक्षा विभाग और कॉलेजों के परीक्षा हॉल में CCTV कैमरों की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया है।

अंडरब्रिज की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन

राजनांदगांव। परमालकसा रेलवे स्टेशन के पास अंडरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने स्टेशन मास्टर को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की।

जानकारी के मुताबिक ग्राम अचानकपुर भाटापारा के समीप रेलवे अंडरब्रिज में बारिश के दौरान पानी भर जाने से ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी होती है। इसी समस्या को लेकर करीब 250 से 300 महिला-पुरुष प्रदर्शन में शामिल हुए।

ग्रामीणों ने रास्ते का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की। स्टेशन मास्टर ने रेलवे अधिकारियों से संपर्क कर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रस्तावित रेल रोको आंदोलन समाप्त कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए जीआरपी के 18, आरपीएफ के 22 अधिकारी-कर्मचारी सहित जिला पुलिस बल के जवान तैनात रहे।

आज निकलेगी बाबा महाकाल की शाही पालकी यात्रा

राजनांदगांव। श्रावण मास के अंतिम सोमवार यानी 24 अगस्त को संस्कारधानी राजनांदगांव में बाबा महाकाल की भव्य शाही पालकी यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा दोपहर 2 बजे मां शीतला मंदिर से प्रारंभ होगी।

बाबा महाकाल चंद्रमौलेश्वर राजा स्वरूप में नगर भ्रमण करेंगे। यात्रा के दौरान त्रिशूल, डमरू, नंदी, शंख, ढोल-मंजीरे सहित धार्मिक वाद्ययंत्रों की गूंज सुनाई देगी। श्रद्धालु हर-हर महादेव और जय श्री महाकाल के जयघोष के साथ पालकी का स्वागत करेंगे।

पालकी यात्रा मां शीतला मंदिर से शुरू होकर जमातपारा, फव्वारा चौक, महाकाल चौक, सिनेमा लाइन, आजाद चौक, भारत माता चौक, महेश पथ, बालाजी मंदिर, गंज चौक और लोहारपारा होते हुए भरकापारा काली माई मंदिर पहुंचेगी। यहां शिव और शक्ति के मिलन के साथ यात्रा का समापन होगा।

यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा बाबा महाकाल की आरती, पूजन और पुष्पवर्षा की जाएगी। विभिन्न स्थानों पर प्रसाद वितरण भी किया जाएगा।