बेमेतरा। शासकीय शाला गुवारा में छत का प्लास्टर गिरने से दो विद्यार्थियों के घायल होने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू की है। संयुक्त जांच टीम की रिपोर्ट में निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी खामियां मिलने के बाद संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार उप अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने जर्जर छत को तोड़कर गुणवत्तापूर्ण स्लैब दोबारा बनाने के निर्देश दिए हैं। वहीं मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के तहत प्राथमिक शाला मरका में करीब 22.52 लाख रुपए की लागत से बनाए गए तीन अतिरिक्त कक्षों में भी गंभीर तकनीकी खामियां मिली हैं। यहां भी ठेकेदार और मूल्यांकनकर्ता उप अभियंता को नोटिस जारी किया जा रहा है।
गुवारा स्कूल में 13 जुलाई को जर्जर अतिरिक्त कक्ष की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया था, जिसकी चपेट में आने से दो विद्यार्थी घायल हुए थे। दोनों का उपचार कराने के बाद अब वे स्वस्थ हैं। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जर्जर कक्ष को बंद कर दिया गया है और कक्षाओं का संचालन सुरक्षित कमरों तथा आंगनबाड़ी भवन में किया जा रहा है।
राजस्व प्रकरणों में लापरवाही पर तहसीलदार निलंबित
दुर्ग। प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही और राजस्व प्रकरणों के निराकरण में देरी को गंभीरता से लेते हुए संभागायुक्त दुर्ग सत्य नारायण राठौर ने राजनांदगांव जिले के घुमका तहसीलदार मुकेश कुमार ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
तहसीलदार पर सामान्य राजस्व प्रकरणों के निराकरण में देरी और आरबीसी 6-4 के तहत पीड़ित परिवारों को मिलने वाली आर्थिक सहायता के मामलों में अनावश्यक विलंब के आरोप थे। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय कलेक्टर, राजनांदगांव निर्धारित किया गया है।
60 हजार का तीन टन खीरा रास्ते से गायब, ट्रांसपोर्टर और चालक पर FIR
राजनांदगांव। ग्राम बोरतलाव से कटनी भेजा गया करीब 60 हजार रुपए की कीमत का तीन टन खीरा रास्ते से गायब हो गया। शिकायतकर्ता ने ट्रांसपोर्टर और वाहन चालक पर मिलीभगत कर माल गंतव्य तक नहीं पहुंचाने और धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है।
ग्राम चिददो निवासी अजय कुमार सिन्हा ने बोरतलाव थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो सूने मकानों का ताला टूटा, सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी
राजनांदगांव। डोंगरगांव थाना क्षेत्र के साल्हे गांव में अज्ञात चोरों ने दो सूने मकानों को निशाना बनाया। दोनों मकानों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली गई। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 45 हजार रुपए बताई गई है।
एक मकान से करीब 40 हजार रुपए के जेवर और 1300 रुपए नकद, जबकि दूसरे मकान से 5 हजार रुपए नकद चोरी होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गर्भसमापन के दौरान नसबंदी के लिए दबाव का आरोप
राजनांदगांव। शासकीय मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल के गायनिक वार्ड में गर्भसमापन कराने पहुंची महिला पर कथित तौर पर नसबंदी के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। महिला के पति सुमन कुमार वर्मा ने चिकित्सकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजन का आरोप है कि महिला की इच्छा के विरुद्ध नसबंदी कराने के लिए दबाव बनाया गया और इनकार करने पर कार्रवाई की धमकी दी गई। मामले की जानकारी गायनिक वार्ड की प्रभारी एवं एचओडी डॉ. मीना आर्मी को दी गई। आरोप है कि उनके हस्तक्षेप के बाद महिला को बिना नसबंदी किए अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। मामले को लेकर संबंधित पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है।





