July 31, 2026

दुर्ग-भिलाई-राजनांदगांव की बड़ी खबरें: CSVTU में ट्रांसफर का मौका, BSP क्षेत्र में 200 से ज्यादा मकानों का सर्वे, बिना फिटकरी पानी सप्लाई पर बवाल, पंचायत सचिव निलंबित

दुर्ग/भिलाई/राजनांदगांव। दुर्ग संभाग में शुक्रवार को शिक्षा, प्रशासन, नगर निगम, पुलिस और पंचायत विभाग से जुड़ी कई अहम घटनाएं सामने आईं। एक ओर छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU) ने इंजीनियरिंग और फार्मेसी के छात्रों के लिए संस्था स्थानांतरण (टी-1 और टी-2) प्रक्रिया शुरू कर दी है, वहीं पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर निरीक्षकों के तबादले किए गए हैं। दूसरी ओर नगर निगम भिलाई ने बीएसपी क्षेत्र में संपत्ति कर निर्धारण के लिए ड्रोन सर्वे अभियान तेज कर दिया है। राजनांदगांव में बिना फिटकरी के गंदे पानी की आपूर्ति को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली, जबकि खैरागढ़ जिले में विभागीय लापरवाही के आरोप में ग्राम पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया गया। पढ़िए दिनभर की प्रमुख खबरें…

20 अगस्त तक कॉलेज और यूनिवर्सिटी ट्रांसफर का मौका

भिलाई स्थित छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU) ने इंजीनियरिंग और फार्मेसी के तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए संस्था स्थानांतरण (टी-1 एवं टी-2) की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक छात्र-छात्राएं 20 अगस्त तक विश्वविद्यालय में अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) जमा कर आवेदन कर सकेंगे। निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने ब्रांच परिवर्तन, कॉलेज ट्रांसफर और यूनिवर्सिटी ट्रांसफर के लिए अलग-अलग शुल्क भी निर्धारित किए हैं। राज्य के बाहर के विश्वविद्यालयों से CSVTU में स्थानांतरण के इच्छुक छात्रों को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन का अवसर दिया जाएगा।

दुर्ग जिले के 7 इंस्पेक्टरों का तबादला, 3 नए अधिकारियों की पदस्थापना

पुलिस मुख्यालय रायपुर ने प्रदेशभर के 64 पुलिस निरीक्षकों की तबादला सूची जारी की है। इसके तहत दुर्ग जिले के सात निरीक्षकों का अन्य जिलों में स्थानांतरण किया गया है, जबकि तीन नए निरीक्षकों की दुर्ग जिले में पदस्थापना की गई है। सुपेला, जामुल, उतई और खुर्सीपार समेत कई थानों के प्रभारी बदले गए हैं। पुलिस विभाग का कहना है कि प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए यह तबादले किए गए हैं।

BSP क्षेत्र में 200 से ज्यादा मकानों का सर्वे, ड्रोन से होगी टैक्स मैपिंग

नगर पालिक निगम भिलाई ने बीएसपी प्रशासित क्षेत्र में संपत्ति कर निर्धारण को लेकर विशेष अभियान शुरू किया है। अब तक 200 से अधिक मकानों और भूखंडों का सर्वे पूरा किया जा चुका है। आईआईटी भिलाई की मदद से ड्रोन मैपिंग कर मकानों, प्लांट और खाली भूखंडों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। राजस्व विभाग की टीम घर-घर पहुंचकर भौतिक सत्यापन भी कर रही है। सर्वे पूरा होने के बाद नए सिरे से संपत्ति कर का निर्धारण किया जाएगा, जिससे निगम के राजस्व में वृद्धि होने की उम्मीद है।

प्लॉट बेचने के नाम पर 8 लाख की ठगी, पति-पत्नी गिरफ्तार

दुर्ग जिले की पुलगांव पुलिस ने जमीन बेचने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पीड़िता से प्लॉट की रजिस्ट्री कराने के नाम पर करीब आठ लाख रुपये लिए, लेकिन बाद में उसी जमीन की रजिस्ट्री किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर दी। जांच के दौरान पुलिस को कई अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी के मामले सामने आए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

तंत्र-मंत्र और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 85 लाख की ठगी

भिलाई नगर पुलिस ने महिला से करीब 85 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी पवन बधोरिया को इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महिला को तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ, जिन्न-प्रेत बाधा दूर करने और शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर कई किस्तों में रकम वसूल ली। बाद में पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बिना फिटकरी के पानी सप्लाई से लोगों में आक्रोश

राजनांदगांव शहर में लगातार तीन दिनों तक गंदे और मटमैले पानी की आपूर्ति होने से लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। जांच के दौरान फिल्टर प्लांट में फिटकरी नहीं होने की बात सामने आई। शिकायत के बाद नगर निगम ने तत्काल बड़ी मात्रा में फिटकरी मंगाई और जल शुद्धिकरण की व्यवस्था शुरू की। विपक्ष ने इस पूरे मामले को लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बताते हुए निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

विभागीय बैठकों से गैरहाजिर रहने पर पंचायत सचिव निलंबित

खैरागढ़ जिले के ग्राम पंचायत दनिया के सचिव बुधारु राम धुर्वे को विभागीय बैठकों में लगातार अनुपस्थित रहने, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करने और कारण बताओ नोटिस का जवाब नहीं देने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने आदेश जारी करते हुए इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही माना है।

सरपंच संघ के आंदोलन के बीच जिला पंचायत CEO का तबादला

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में लंबे समय से चल रहे सरपंच संघ के आंदोलन के बीच जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) भारती चंद्राकर का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह अभिषेक गुप्ता को नया सीईओ नियुक्त किया गया है। सरपंच संघ ने इसे अपने आंदोलन की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि पंचायतों के विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को लेकर लगातार उठाई जा रही मांगों के बाद शासन ने यह फैसला लिया है। वहीं प्रशासन का कहना है कि जिले में विकास कार्यों को गति देने और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।