July 30, 2026

लगातार बारिश से उफान पर नदियां, राजिम के कुलेश्वरनाथ मंदिर में चढ़ा पानी; कई मार्गों पर यातायात प्रभावित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब प्रदेशभर में साफ दिखाई देने लगा है। महानदी, पैरी और खारुन समेत कई नदियां उफान पर हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है। राजिम धाम के त्रिवेणी संगम स्थित प्रसिद्ध बाबा कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में वर्षों बाद महानदी का पानी पहुंच गया है। वहीं कई जिलों में सड़क संपर्क बाधित होने से यातायात प्रभावित हुआ है और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

गरियाबंद जिले में पिछले करीब 60 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण हालात गंभीर बने हुए हैं। सिकासेर जलाशय से लगभग 60 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा, जिससे राजिम स्थित त्रिवेणी संगम पर बने बाबा कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर में पानी भर गया। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है और नदी किनारे रहने वाले लोगों को मुनादी कर सतर्क किया जा रहा है।

भारी बारिश के चलते पैरी नदी भी उफान पर है। इसका असर नेशनल हाईवे-130सी पर देखने को मिला, जहां पंटोरा के पास जलभराव होने से पिछले 24 घंटे से वाहनों की आवाजाही बाधित है। रायपुर-गरियाबंद मार्ग पर यात्री बसों सहित अन्य वाहनों का संचालन रोक दिया गया है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कर मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।

उधर, दंतेवाड़ा जिले में भी लगातार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। भैरमगढ़ क्षेत्र के पातरपारा में पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। प्रशासन ने लोगों से पुल और नदी-नालों को पार करने का प्रयास नहीं करने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

राजधानी रायपुर में भी बारिश का असर देखने को मिल रहा है। खारुन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और महादेव घाट पर नदी के ऊपर बने पुल तक पानी पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।