दुर्ग। पद्मनाभपुर थाना के बाहर सोमवार को मसीह समाज के लोगों ने आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने थाने के सामने बैरिकेडिंग कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि मामले में पहले ही अपराध दर्ज किया जा चुका है और इसकी जानकारी समाज के पदाधिकारियों को दे दी गई है। संयुक्त मसीह समाज छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष प्रदीप दुबे ने कहा कि धार्मिक स्वतंत्रता, समानता और न्याय की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरना आयोजित किया गया है तथा समाज केवल निष्पक्ष कार्रवाई और संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण की मांग कर रहा है।
BSP स्क्रैप चोरी मामले में 50 लाख के गहने, 3 करोड़ की संपत्ति के दस्तावेज जब्त
दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट से संगठित स्क्रैप चोरी के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी संजय सिंह समेत तीन आरोपियों की पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के दौरान करोड़ों रुपये की संपत्ति, सोने-चांदी के आभूषण और जमीन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पिछले छह महीनों से फ्लाई ऐश डस्ट की आड़ में लोहे का स्क्रैप प्लांट से बाहर निकाल रहे थे। पुलिस ने पहले अकलोरडीह स्थित गोदाम से करीब 90 लाख रुपये मूल्य का 250 टन स्क्रैप जब्त किया था। साथ ही वाहनों और मशीनों सहित कुल 3.22 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की गई थी। मुख्य आरोपी के लॉकर से करीब 50 लाख रुपये के आभूषण और लगभग 3 करोड़ रुपये की संपत्ति से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। पुलिस अब मामले में BSP अधिकारियों से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है।
भिलाई में युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर
दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र के वृंदा नगर कैंप-1 में देर रात चाकूबाजी की घटना से सनसनी फैल गई। नशे में धुत कुछ युवकों ने 35 वर्षीय अन्नू यादव पर हमला कर उसके गले पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार पर नाराजगी जताई। रहवासियों का आरोप है कि राजनीतिक संरक्षण प्राप्त कुछ असामाजिक तत्व खुलेआम नशे का अवैध कारोबार चला रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खैरागढ़ उपजेल में गूंजी सितार की मधुर धुन
खैरागढ़। राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. लवली शर्मा ने खैरागढ़ उपजेल में आयोजित विशेष संगीत-संवाद कार्यक्रम में कैदियों को संगीत की उपचारात्मक शक्ति से परिचित कराया। कार्यक्रम के दौरान उनके सितार वादन और तबला वादक अवध सिंह की संगत ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रो. शर्मा ने संगीत चिकित्सा पर अपने शोध अनुभव साझा करते हुए कहा कि संगीत तनाव कम करने, भावनात्मक संतुलन बढ़ाने और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि कारागारों में संगीत आत्ममंथन और आत्मसुधार की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
राजनांदगांव मंडी में बारिश से धान भीगा, पानी भरने से बढ़ी परेशानी
राजनांदगांव। शाम को हुई तेज बारिश के कारण कृषि उपज मंडी परिसर में जगह-जगह पानी भर गया। नालियों की सफाई नहीं होने से प्रवेश द्वार के पास जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे किसानों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के चलते शेड के नीचे चबूतरों पर रखा धान भी भीग गया। बोरों को बचाने के लिए हमालों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार बदलते मौसम और रुक-रुककर हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
न्यू लुक बायो फ्यूल कंपनी के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन
राजनांदगांव। फुलझर में न्यू लुक बायो फ्यूल कंपनी के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा ट्रैक्टरों में सवार होकर फैक्ट्री पहुंचे और कथित तौर पर बिना एनओसी संचालन का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि फैक्ट्री के संचालन से पर्यावरण, जल स्रोत और खेती प्रभावित हो रही है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव निखिल द्विवेदी ने आरोप लगाया कि कंपनी फर्जी एनओसी के आधार पर संचालित की जा रही है और जनसुनवाई जैसी प्रक्रियाओं की अनदेखी की गई है।
घंटों चले प्रदर्शन के बाद कंपनी प्रबंधन ने 15 दिनों के भीतर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।





