July 30, 2026

Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update: 10 लाख की हेरोइन जब्त, युगांडा से लौटे यात्री निगरानी में, जुआ अड्डे पर छापा

भिलाई/दुर्ग/राजनांदगांव। दुर्ग, भिलाई और राजनांदगांव क्षेत्र में सोमवार को अपराध, स्वास्थ्य और प्रशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आए। भिलाई में हेरोइन बेचने वाली महिला गिरफ्तार हुई, युगांडा से लौटे यात्रियों को निगरानी में रखा गया, जबकि राजनांदगांव में लापरवाही के मामले में बीएमओ को निलंबित कर दिया गया।

10 लाख की हेरोइन के साथ महिला गिरफ्तार

जामुल थाना पुलिस ने चिट्टा (हेरोइन) की अवैध बिक्री के मामले में 25 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की हेरोइन और अन्य सामग्री बरामद की है।

मुखबिर की सूचना पर हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन बीएनएस स्कूल के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। गिरफ्तार महिला की पहचान राजविंदर कौर निवासी हाउसिंग बोर्ड, भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

शिवनाथ नदी में डूबने से युवक की मौत

दुर्ग जिले के रसमड़ा-पिपरछेड़ी क्षेत्र में शिवनाथ नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान केरल निवासी आशिन ओएस के रूप में हुई है, जो भिलाई के इंडियन कॉफी हाउस में वेटर के रूप में कार्यरत था।

रविवार को अवकाश के दौरान वह दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूब गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

नाबालिग की जांच में लापरवाही, घुमका BMO निलंबित

राजनांदगांव जिले के सोमनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नाबालिग बालिका की कथित गलत प्रेग्नेंसी जांच के मामले में राज्य शासन ने घुमका के बीएमओ डॉ. एन.के. टंडन को निलंबित कर दिया है।

जिला प्रशासन की जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई। इससे पहले मामले में संबंधित थाना प्रभारी पर भी कार्रवाई हो चुकी है।

अवैध शराब बेचते एक आरोपी गिरफ्तार

पंडरिया थाना पुलिस ने ग्राम मोहतरा स्थित वेयरहाउस के पास अवैध शराब बेचते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 18 पौवा देशी शराब और नकदी बरामद की गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।

युगांडा से लौटे 3 यात्री होम आइसोलेशन में

भिलाई में स्वास्थ्य विभाग ने युगांडा से लौटे तीन नए अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की ट्रेसिंग की है। सभी यात्री 7 जून को दुर्ग पहुंचे थे।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वर्तमान में कुल सात अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को निगरानी में रखा गया है। सभी को एहतियातन 21 दिनों के लिए होम आइसोलेशन में रखा गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी यात्री में इबोला संक्रमण के लक्षण नहीं मिले हैं।

जुआ अड्डे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

भिलाई के पुलगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ के अड्डे पर दबिश देकर 15 जुआरियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.82 लाख रुपये नकद, ताश पत्ते, 12 मोटरसाइकिल, 17 मोबाइल फोन समेत कुल 4.34 लाख रुपये मूल्य का सामान जब्त किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।