दुर्ग/भिलाई/राजनांदगांव। दुर्ग संभाग में सोमवार को अपराध, रोजगार और प्राकृतिक घटनाओं से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आईं। नेवई में बुजुर्ग दंपती से लूट का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा किया। भिलाई में अवैध शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार हुआ। वहीं डोंगरगढ़ में 713 पदों के लिए रोजगार मेले की घोषणा की गई, जबकि बालोद में लगातार बारिश के बीच किसान के खेत की जमीन धंसने से हड़कंप मच गया।
बुजुर्ग दंपती से लूट का 24 घंटे में खुलासा
दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र स्थित प्रगति नगर (शुभकामना हाइट्स) में दिनदहाड़े बुजुर्ग दंपती से लूट करने वाले आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी विभान्शु महोबिया (21) मध्य प्रदेश के मंडला का निवासी है और भिलाई के हॉस्पिटल सेक्टर में किराए से रह रहा था। उसने धारदार हथियार के बल पर महिला के गले से सोने का नेकलेस लूट लिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक, हथियार और कपड़े बरामद कर लिए हैं। मामले में पूछताछ जारी है।
भिलाई में अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
जामुल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए उमेश कुमार देशलहरे (36) को अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्राम खेरधा का रहने वाला है। उसके पास से 32 पौवा देशी शराब (करीब 5.7 बल्क लीटर) बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 3,200 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
डोंगरगढ़ में 8 जुलाई को लगेगा रोजगार मेला
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र (मॉडल कैरियर सेंटर) की ओर से 8 जुलाई को शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोंगरगढ़ में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में विभिन्न निजी कंपनियां और संस्थान 713 पदों पर भर्ती करेंगे। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होने की अपील की गई है।
बालोद में किसान के खेत की जमीन धंसी
बालोद जिले के गुरुर ब्लॉक के ग्राम भानपुरी में लगातार बारिश के बाद एक किसान के खेत की जमीन अचानक धंस गई। खेत में करीब 20 फीट चौड़ा और 20 से 30 फीट गहरा गड्ढा बन गया है, जिसका आकार लगातार बढ़ रहा है। किसान खेलन साहू सोमवार सुबह खेत पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में इस तरह की यह पहली घटना है। जमीन धंसने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। किसान को इस साल अपनी फसल को लेकर चिंता सताने लगी है।





