July 23, 2026

Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update: दुर्ग में लापता महिला का शव मिला, भिलाई में पिता ने बेटी से किया दुष्कर्म, नौकरी दिलाने के नाम पर 10.55 लाख की ठगी

दुर्ग। दुर्ग-भिलाई-राजनांदगांव संभाग से शनिवार की प्रमुख खबरों में दुर्ग में लापता महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई। वहीं भिलाई में सात वर्षीय बेटी से दुष्कर्म के आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दूसरी ओर सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 10.55 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उधर राजनांदगांव में लगातार बारिश के बीच उल्टी-दस्त और वायरल फीवर के मरीजों की संख्या बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है।

दुर्ग: लापता महिला का अर्धनग्न शव मिलने से सनसनी

दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में लापता महिला का शव पुलगांव नाला किनारे झाड़ियों में अर्धनग्न अवस्था में मिला। मृतका की पहचान ओम नगर उरला निवासी भगवंतीन बाई साहू (55) के रूप में हुई है। शव के सिर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है।

परिजनों के अनुसार, भगवंतीन बाई 16 जुलाई की शाम घर से निकली थीं और वापस नहीं लौटीं। 17 जुलाई को उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। शुक्रवार शाम स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव बरामद किया। मौके पर पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीम जांच में जुटी है।

भिलाई: सात वर्षीय बेटी से दुष्कर्म करने वाला पिता गिरफ्तार

भिलाई के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में एक पिता द्वारा अपनी ही सात वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार आरोपी ने पहली बार मार्च में वारदात को अंजाम दिया था। उस समय बच्ची ने मां को पूरी घटना बताई थी। महिला ने अपने देवर, जो पुलिस विभाग में एएसआई है, को जानकारी दी, लेकिन परिवार की बदनामी का हवाला देकर मामला दबाने की कोशिश की गई। दूसरी बार घटना दोहराए जाने के बाद महिला ने 15 जुलाई को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 10.55 लाख की ठगी

दुर्ग जिले में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक निजी अस्पताल की स्टाफ नर्स से 10 लाख 55 हजार 698 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी बिज्जू चंद्रा को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता स्वेच्छा रानी ने बताया कि आरोपी ने राजनीतिक और प्रशासनिक संपर्क होने का दावा करते हुए चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल और जिला अस्पताल दुर्ग में सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था। आरोपी ने नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 10.55 लाख रुपये ले लिए, लेकिन न नौकरी दिलाई और न ही रकम लौटाई। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर बैंक पासबुक और मोबाइल जब्त कर लिया है।

राजनांदगांव: उल्टी-दस्त और वायरल फीवर के मरीज बढ़े, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

राजनांदगांव जिले में लगातार बारिश और मौसम में बदलाव के कारण उल्टी-दस्त और वायरल फीवर के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। डोंगरगांव क्षेत्र के भद्र टोला में उल्टी-दस्त के मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है।

स्वास्थ्य विभाग संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रख रहा है। लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने, साफ-सफाई रखने, दूषित पानी पीने और खुले में रखे खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने की अपील की गई है।