July 31, 2026

दुर्ग-भिलाई-राजनांदगांव न्यूज अपडेट: पुलिस की कोचिंग सेंटरों में दबिश… फर्जी दस्तावेज से होम लोन लेने वाला गिरफ्तार… नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी पकड़ाया…

राजनांदगांव में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा जांच, पुलिस ने दिए फायर सेफ्टी के निर्देश
राजनांदगांव। शहर के कोचिंग संस्थानों में सोमवार को पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर फायर सेफ्टी और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के नेतृत्व में थाना कोतवाली एवं चिखली क्षेत्र के करीब 12 कोचिंग संस्थानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास, विद्युत वायरिंग, सुरक्षा उपकरण, सीढ़ियां और निकासी मार्ग सहित अन्य सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया। संचालकों को विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। हाल ही में नगर सेना और जिला प्रशासन ने भी लखनऊ कोचिंग हादसे के बाद शहर के कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया था। हालांकि इस जांच के दौरान किसी भी कोचिंग सेंटर को सील नहीं किया गया।

फर्जी दस्तावेज से होम लोन लेने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। रानीतराई थाना पुलिस ने शासकीय भूमि का फर्जी पट्टा और पंचायत प्रमाण पत्र तैयार कर होम लोन लेने का प्रयास करने वाले आरोपी धनेश्वर कुमार निर्मलकर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने आधार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड में आवास ऋण के लिए आवेदन किया था, लेकिन कंपनी की आंतरिक जांच में दस्तावेज फर्जी पाए गए। ग्राम पंचायत तेलीगुंडरा की सरपंच की शिकायत पर जांच में पुष्टि हुई कि संबंधित पट्टा और प्रमाण पत्र पंचायत द्वारा कभी जारी नहीं किए गए थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर ले गया था साथ
गंडई। पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम से जुड़े गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर आरोपी राकेश कुमार डाहिरे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी नाबालिग को शादी का झांसा देकर मुंगेली जिले ले गया था, जहां उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

साइबर ठगी के लिए म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाला गिरोह बेनकाब, 23 हिरासत में
दुर्ग। साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले बैंक खातों (म्यूल अकाउंट) का नेटवर्क संचालित करने वाले एक संगठित गिरोह का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 23 लोगों को हिरासत में लिया है, जो कमीशन के लालच में अपने और अन्य लोगों के बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, आधार कार्ड सहित बैंकिंग से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए हैं। एडिशनल एसपी एवं पुलिस प्रवक्ता मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि तकनीकी जांच और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।