यादव समाज ने अजय चंद्राकर के बयान पर जताई आपत्ति, सार्वजनिक माफी की मांग
दुर्ग। पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अजय चंद्राकर द्वारा महाभारत के संदर्भ में यादव समाज को लेकर दिए गए बयान पर समाज के लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है। यादव समाज ने बयान को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताते हुए अजय चंद्राकर से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
समाज के अध्यक्ष गोविंदा लखन यादव ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले जनप्रतिनिधियों के शब्दों का समाज पर व्यापक प्रभाव पड़ता है। ऐसे में किसी भी समाज, जाति या समुदाय के संबंध में बोलते समय संयम, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि महाभारत जैसे ऐतिहासिक और धार्मिक-सांस्कृतिक महाकाव्य के प्रसंगों को इस तरह प्रस्तुत करना, जिससे किसी वर्तमान सामाजिक समुदाय की गरिमा या भावनाएं आहत हों, उचित नहीं है। यादव समाज भगवान श्रीकृष्ण की परंपरा, भारतीय संस्कृति और सामाजिक जीवन से गहराई से जुड़ा हुआ है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर जारी खींचतान के बीच अजय चंद्राकर ने महाभारत के प्रसंग का जिक्र करते हुए इसे चुनाव नहीं बल्कि ‘यादवी संघर्ष’ बताया था। उन्होंने यह भी कहा था कि इस चुनाव के बाद कांग्रेस समाप्त हो जाएगी।
BSP के 198 अनफिट ब्लॉक ध्वस्त करने की तैयारी
भिलाईनगर। भिलाई स्टील प्लांट के टू-बी टाइप के 198 ब्लॉक अभी भी असुरक्षित खड़े हैं। बीएसपी प्रबंधन अब इन जर्जर आवासों को खाली कराने के बाद ध्वस्त करने की तैयारी में है।
नगर सेवाएं विभाग के सर्वे में कुल 305 ब्लॉक रहने के लिए अनुपयुक्त और असुरक्षित पाए गए थे। इनमें से 107 ब्लॉक पहले ही ध्वस्त किए जा चुके हैं। अब 198 ब्लॉक शेष हैं, जिनमें कुछ जगहों पर अभी भी लीजधारी रह रहे हैं।
प्रबंधन का मानना है कि जर्जर आवास कभी भी ढह सकते हैं और इनमें रहने वाले लोगों के लिए जान का खतरा बना हुआ है। लीजधारियों को आवास खाली करने और विकल्प चुनने के लिए पहले भी अवसर दिए गए थे। इसके बावजूद कई लोगों ने आवास खाली नहीं किए। अब प्रबंधन सख्ती से कार्रवाई करने की तैयारी में है।
शिक्षकों का लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन आज
मारो। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक, समग्र शिक्षक फेडरेशन विकासखंड नवागढ़ के बैनर तले शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 22 अगस्त को ब्लॉक स्तरीय रैली और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
फेडरेशन के ब्लॉक अध्यक्ष बाबूलाल गोयल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम नवागढ़ और विकासखंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की सूचना दी है। शिक्षक सेवा सुरक्षा, वेतन विसंगति, टीईटी संबंधी विसंगतियों, पदोन्नति में वरिष्ठता सहित अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे।
शिक्षकों से दोपहर 12 बजे बीआरसी भवन के सामने एकत्र होने की अपील की गई है।
70 परिवारों को बिजली समस्या से मिली राहत
दल्लीराजहरा। वार्ड क्रमांक 2 के कच्चे दफाई क्षेत्र में करीब दो साल से लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली बंद होने की समस्या से परेशान 70 से अधिक परिवारों को राहत मिली है।
शीतला माता मंदिर से दिलीप सिंह सिन्हा के घर तक लगी पुरानी सिंगल कोर केबल से घरों और स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन जुड़ा था। लोड बढ़ने के कारण लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती थी। शिकायत के बाद बिजली विभाग ने 10 खंभों में करीब 300 मीटर लंबी 70 एमएम की नई केबल लाइन बिछाई है।
नई लाइन शुरू होने के बाद वार्डवासियों ने राहत की सांस ली है। लोगों का कहना है कि अब घरों में लो-वोल्टेज की समस्या कम होगी और स्ट्रीट लाइट के बल्ब भी बार-बार खराब नहीं होंगे।
किसानों से 10.79 लाख रुपये के अनाज की धोखाधड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार
बालोद। किसानों से अनाज खरीदकर भुगतान नहीं करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों भानुप्रताप सिन्हा और इमेन्द्र कुमार ठाकुर को शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने ग्राम सोंहपुर और रमतरा के करीब 25 किसानों से चना, अरहर, लाखड़ी और बटरी समेत करीब 10.79 लाख रुपये का अनाज खरीदा था, लेकिन किसानों को रकम का भुगतान नहीं किया।
मामले में घटना में इस्तेमाल पिकअप वाहन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये है, को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने किसानों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
रहस्यमय ढंग से लापता प्रधान आरक्षक की तलाश में जुटी पुलिस
दुर्ग। उतई स्थित सीआईएसएफ आरटीसी में पदस्थ प्रधान आरक्षक आकाशदीप शर्मा (29) के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों और विभाग की ओर से अपहरण की आशंका जताए जाने के बाद उतई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आकाशदीप 17 अगस्त को ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुआ और बैरक से भी बिना किसी को बताए चला गया। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल पाया। रिश्तेदारों से संपर्क करने के साथ आसपास भी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
सीआईएसएफ आरटीसी के रिजर्व इंस्पेक्टर की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज किया है।
सफाईकर्मियों को 7 महीने से वेतन नहीं, आंदोलन की चेतावनी
राजनांदगांव। नगर निगम में सफाई ठेका कर्मचारियों को करीब सात महीने से वेतन नहीं मिलने के विरोध में कर्मचारियों ने निगम परिसर में प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वेतन नहीं मिलने से उनके परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं।
सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष गोलू नायक ने कहा कि नियमित सफाई कर्मचारियों को भी करीब दो महीने से वेतन नहीं मिला है। उन्होंने ठेका एजेंसी पर ईपीएफ राशि जमा नहीं करने का आरोप भी लगाया।
कर्मचारियों ने मांग की कि शासन के तय मापदंड के अनुसार हर महीने 10 तारीख तक वेतन का भुगतान किया जाए। कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम के सामने रखीं। आयुक्त ने सोमवार तक वेतन भुगतान का आश्वासन दिया है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।





