भिलाईनगर। नवंबर-दिसंबर में प्रस्तावित भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरोदा नगर निगम चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। तीनों निगमों के वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया 9 सितंबर को कलामंदिर सिविक सेंटर में लॉटरी के जरिए होगी। वहीं बेमेतरा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा में दरारें आने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। दुर्ग संभाग में बिजली उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी शुरू होने के साथ पुलिस ने नशीली दवाओं और चोरी के मामलों में भी कार्रवाई की है।
9 सितंबर को होगा तीन नगर निगमों के वार्डों का आरक्षण
भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरोदा नगर निगम के चुनाव के लिए 9 सितंबर को वार्ड आरक्षण किया जाएगा। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने आरक्षण प्रक्रिया के लिए आदेश जारी कर दिया है। तीनों निगमों को मिलाकर कुल 150 वार्ड हैं।
आरक्षण के बाद यह स्पष्ट होगा कि किस वार्ड से किस वर्ग का प्रत्याशी चुनाव लड़ सकेगा। इससे पहले महापौर पद का आरक्षण हो चुका है। भिलाई और भिलाई-चरोदा निगम का महापौर पद ओबीसी के लिए, जबकि रिसाली निगम का महापौर पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है।
अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा में आई दरारें
बेमेतरा के मारो नगर पंचायत में करीब 20 लाख रुपये की लागत से बनाए गए अटल परिसर में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा में लोकार्पण के महज 6-7 महीने बाद ही दरारें आने लगी हैं।
प्रतिमा का लोकार्पण 25 दिसंबर 2025 को किया गया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक प्रतिमा के पैर के घुटने के नीचे प्लास्टर उखड़ गया है। कमर और जांघ के पास भी दरारें दिखाई दे रही हैं। वार्डवासियों ने निर्माण की गुणवत्ता की जांच और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।
10 लाख से ज्यादा बिजली उपभोक्ताओं की होगी E-KYC
दुर्ग संभाग के दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिलों के करीब 10 लाख 9 हजार 521 निम्नदाब बिजली उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी प्रक्रिया 1 सितंबर से शुरू हो गई है।
उपभोक्ता मोर बिजली मोबाइल ऐप, नजदीकी वितरण केंद्र या जोन कार्यालय के जरिए ई-केवाईसी करा सकते हैं। मीटर रीडर के माध्यम से घर पर भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि ई-केवाईसी पूरी तरह निःशुल्क है।
600 नशीली टैबलेट के साथ आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग के धमधा रोड सब्जी मंडी में मोहनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 600 नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 2.40 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी कृष्णा दास मानिकपुरी (25) को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 230 रुपये नकद भी मिले हैं। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत
राजनांदगांव में ठाकुर टोला टोल प्लाजा के आगे खुटेरी चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में भिलाई निवासी 25 वर्षीय आदित्य विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि आदित्य राजनांदगांव से भिलाई लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रीन फार्म हाउस चोरी मामले में दो गिरफ्तार
राजनांदगांव के ग्राम देवादा स्थित सेड्स ऑफ ग्रीन फार्म हाउस में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
20 अगस्त की रात फार्म हाउस से AC आउटडोर यूनिट, सबमर्सिबल पंप, वाटर पंप, CCTV कैमरे और ब्लूटूथ साउंड बॉक्स समेत करीब 56,500 रुपये का सामान चोरी हुआ था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।





