दुर्ग, भिलाई और राजनांदगांव संभाग में मंगलवार को जल संरक्षण, प्रशासनिक कार्रवाई, शिक्षा, अपराध और नगर विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घटनाएं सामने आईं। दुर्ग जिले में ‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान के तहत करीब 15.96 करोड़ लीटर जल भंडारण क्षमता विकसित की गई है। वहीं अवैध खाद भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने गोदाम का ताला तुड़वाकर कृषि सामग्री जब्त की। दूसरी ओर राजनांदगांव में सरकारी किताबें कबाड़ी को बेचने के मामले में प्रधान पाठक को निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा ऑनलाइन सट्टा, निवेश के नाम पर ठगी और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता जांच को लेकर भी अहम कार्रवाई हुई है।
‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान से 15.96 करोड़ लीटर जल भंडारण
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बताया कि जिले में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक लगभग 15.96 करोड़ लीटर जल भंडारण क्षमता विकसित की जा चुकी है। हाल की बारिश से वॉटर एब्जॉर्प्शन ट्रेंच, अमृत सरोवर, आजीविका डबरी, नवा तरिया और अन्य जल संरक्षण संरचनाएं तेजी से भर रही हैं। इससे कृषि, सिंचाई, पशुपालन, मत्स्य पालन और ग्रामीण आजीविका को मजबूती मिलेगी।
जिला पंचायत के मार्गदर्शन में इस वित्तीय वर्ष में 55,965 वॉटर एब्जॉर्प्शन ट्रेंच, 15 परकोलेशन पॉन्ड, 834 रिचार्ज पिट, 1,324 रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं, 9,663 सोख्ता गड्ढे, 123 तालाब, 20,518 कंटूर ट्रेंच, 26 चेक डैम और 28 बोरवेल रिचार्ज संरचनाओं का निर्माण किया गया है। इसके अलावा 30 आजीविका डबरियां और 112 नवा तरिया भी वर्षा जल से भरने लगे हैं।
अवैध खाद भंडारण पर बड़ी कार्रवाई
दुर्ग कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम चिंगरी (अंडा) में बिना लाइसेंस संचालित उर्वरक एवं कृषि आदान सामग्री के गोदामों पर छापा मारा। संचालक के सहयोग नहीं करने पर प्रशासन ने पंचों की मौजूदगी में गोदाम का ताला तुड़वाकर निरीक्षण किया।
जांच में बड़ी मात्रा में कृषि रसायन, कीटनाशक और 67 बोरी रॉ मटेरियल बरामद किया गया। दोनों गोदामों को सील कर सामग्री जब्त कर ली गई है। विभाग ने कहा कि दस्तावेजों और नमूनों की जांच के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
भिलाई में टेंडर प्रक्रिया पर उठे सवाल
भिलाई नगर निगम के जोन-3 द्वारा डॉ. बी.आर. अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन के संचालन एवं संधारण के लिए जारी नए टेंडर पर ठेकेदारों ने आपत्ति जताई है। उनका आरोप है कि पुराने टेंडर को निरस्त कर नए नियम किसी विशेष व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बनाए गए हैं। उन्होंने ईएमडी और एफडीआर की शर्तों में अस्पष्टता का भी आरोप लगाया है।
अब सीआईपीईटी जांच के बाद ही खरीदी जाएगी प्लास्टिक सामग्री
भिलाई नगर निगम क्षेत्र में अब जलापूर्ति, सीवरेज, सड़क और अन्य निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाले प्लास्टिक एवं पॉलीमर उत्पादों की खरीद से पहले सीआईपीईटी रायपुर से थर्ड पार्टी गुणवत्ता परीक्षण कराना अनिवार्य होगा। शासन ने निम्न गुणवत्ता की सामग्री के उपयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है।
निवेश के नाम पर 19 लाख की ठगी, महिला गिरफ्तार
उतई पुलिस ने ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कर राशि चार गुना करने और हर महीने 10 से 12 प्रतिशत रिटर्न देने का झांसा देकर 19 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में तृप्ती साहू को गिरफ्तार किया है। जांच में आरोपी के विभिन्न बैंक खातों में लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन सामने आए हैं।
व्यापारी की मौत के बाद जागा निगम
भिलाई के सुपेला स्थित लक्ष्मी नगर मार्केट में खुली नाली में गिरकर व्यापारी की मौत के बाद नगर निगम हरकत में आया। निगम ने नाली की सफाई कर वहां स्लैब डाल दिया, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटना दोबारा न हो।
श्रमिक की मौत मामले में डॉक्टर को छह माह की सजा
राजनांदगांव की फास्ट ट्रैक कोर्ट ने वर्ष 2020 में निर्माणाधीन नर्सिंग होम की छत गिरने से महिला श्रमिक की मौत के मामले में डॉ. अमोलक जैन को दोषी ठहराते हुए छह माह के साधारण कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई है। वहीं सह-आरोपी डॉ. विजया श्री जैन को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया गया।
सरकारी किताबें बेचने पर प्रधान पाठक निलंबित
राजनांदगांव जिले के छुरिया विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक शाला लालूटोला में निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों को कबाड़ी को बेचने के मामले में प्रधान पाठक श्रीमती कजला महिलांगे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। शिक्षा विभाग की जांच में सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई।
ऑनलाइन सट्टा एप का सरगना गिरफ्तार
केसीजी पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शिवा बुक एप के मुख्य संचालक तरुण वर्मा को तिल्दा से गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के संचालन के बदले 10 प्रतिशत कमीशन लेता था। पुलिस ने आरोपी के पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।





