गंदे पानी से फैली बीमारी
दुर्ग। भिलाई के सेक्टर-7 क्षेत्र में पीलिया फैलने से हड़कंप मच गया है। इलाके में 35 से अधिक बच्चे बीमार हो गए हैं। बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से पाइपलाइन के जरिए गंदे पानी की सप्लाई हो रही है, जिससे यह स्थिति बनी है।
पेयजल सप्लाई पर उठे सवाल
यह क्षेत्र भिलाई इस्पात संयंत्र के टाउनशिप विभाग के अंतर्गत आता है, जहां पानी की सप्लाई संयंत्र के वाटर सप्लाई विभाग द्वारा की जाती है। गंदे पानी की आपूर्ति से लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल है।
अधिकारियों के संपर्क में निगम
भिलाई नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लगातार बीएसपी टाउनशिप के अधिकारियों के संपर्क में हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए
बीएसपी टाउनशिप अधिकारियों ने पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि पानी किस वजह से दूषित हुआ।
बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर
बीमार बच्चों की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है। उनका इलाज घर पर ही किया जा रहा है और स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।
जल्द समाधान की मांग
वार्ड पार्षद लक्ष्मीपति राजू ने बताया कि मामले की सूचना संबंधित विभागों और SAIL प्रबंधन को दे दी गई है। उन्होंने जल्द समस्या के समाधान की मांग की है।





