May 18, 2026

भिलाई स्टील प्लांट में स्क्रैप चोरी का खुलासा: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 4 लाख का माल जब्त

दुर्ग: भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) में स्क्रैप चोरी करने वाले एक गिरोह का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य अभी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार, घटना 16 मार्च की है, जब आरोपियों ने प्लांट के ब्लास्टिंग यार्ड के पास अवैध रूप से प्रवेश कर लोहे के स्क्रैप की चोरी की। यह क्षेत्र आम लोगों के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित है। 17 मार्च को सीआईएसएफ की शिकायत पर थाना भिलाई भट्ठी में मामला दर्ज किया गया था।

पूछताछ में कबूला जुर्म
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी राकेश कुमार सोनकर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

1030 किलो स्क्रैप और पिकअप जब्त
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी स्क्रैप को पिकअप वाहन में भरकर प्लांट से बाहर ले जा रहे थे। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1030 किलोग्राम लोहे का स्क्रैप और घटना में इस्तेमाल पिकअप वाहन जब्त कर लिया। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी गई है।

अन्य आरोपी फरार, तलाश जारी
इस मामले में कुल छह आरोपियों के नाम सामने आए हैं। मुख्य आरोपी राकेश कुमार सोनकर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि आकाश राव पुरके, नरेश कलेथ, पुष्पेंद्र दीप, मनोज कुम्भार और मनोज कुमार गुप्ता फरार हैं। पुलिस इनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।