दुर्ग। जिले के शिक्षक नगर निवासी एक महिला से बिटकॉइन में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अधिक मुनाफे का झांसा देकर महिला से 7 लाख 50 हजार रुपये निवेश कराए और बाद में फरार हो गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने और कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षक नगर निवासी देवकी सोनकर ने 9 अप्रैल 2024 को सिटी कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रायपुर के चंगोराभाठा निवासी पीलादास मानिकपुरी ने बिटकॉइन में निवेश करने पर हर महीने 12 से 13 प्रतिशत लाभ दिलाने का लालच दिया।
आरोपी ने महिला से अलग-अलग समय में कुल 7 लाख 50 हजार रुपये नगद और यूपीआई के माध्यम से ट्रांसफर कराए। शुरुआत में उसने कुछ रकम वापस भी की, जिससे महिला का भरोसा बढ़ गया। बाद में आरोपी ने शेष रकम लौटाने से इनकार कर दिया और निवेशकों से संपर्क बंद कर फरार हो गया।
मामले की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी पीलादास मानिकपुरी की पहचान कर उसे रायपुर से हिरासत में लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल एक मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई जा रही है, जब्त किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है।





