May 18, 2026

दुर्ग: भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के परिवार की संपत्तियों पर बुलडोजर, घर से बरामद 7 बोरी डोडा और खसखस

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अफीम की अवैध खेती मामले में प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। भाजपा नेता विनायक ताम्रकार की गिरफ्तारी के बाद अब उनके परिवार की संपत्तियों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मंगलवार को जिला प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम ने बृजेश ताम्रकार के अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाया।

साथ ही दुर्ग पुलिस ने भाजपा नेता विनायक के घर से सात बोरी डोडा, लगभग 2 किलोग्राम खसखस और अफीम में चीरा लगाने के लिए इस्तेमाल होने वाले विशेष हथियार बरामद किए।

जानकारी के अनुसार, बृजेश ताम्रकार द्वारा संचालित सीमेंट पोल बनाने की फैक्ट्री भी अवैध कब्जे वाली जमीन पर संचालित पाई गई। कार्रवाई के दौरान प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम ने अवैध निर्माण को बुलडोजर से हटाया।

जिला प्रशासन ने कहा कि अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। पुलिस ने बताया कि बरामदगी अफीम की खेती और उससे जुड़े अवैध कारोबार के सबूत के रूप में अहम है। फिलहाल आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।