March 4, 2026

अंधविश्वास के नाम पर 13 लाख की ठगी, दुर्ग पुलिस ने दो ठगों को दबोचा, 8 लाख कैश बरामद

📰 पूजा-पाठ से इलाज का झांसा देकर की बड़ी ठगी

अंधविश्वास के नाम पर करीब 13 लाख रुपए की ठगी करने वाले दो शातिर ठगों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला छावनी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 लाख रुपए नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

वहीं करीब 5 लाख रुपए कीमत के सोने के कंगन लेकर फरार मुख्य आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।


👤 पीड़ित को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार सिंधी कॉलोनी निवासी संजय अठवानी ने 21 जनवरी को छावनी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी।

पीड़ित ने बताया कि करीब 15 दिन पहले उसकी दुकान पर दो लोग साइकिल देखने के बहाने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान उन्होंने अपना नाम राजू बताया और मोबाइल नंबर ले लिया।

बातों-बातों में आरोपियों को पता चला कि संजय की मां बीमार रहती हैं। इस पर उन्होंने दावा किया कि पूजा-पाठ और देवी साधना से वे पूरी तरह ठीक हो जाएंगी।


💸 नारियल से शुरू होकर लाखों तक पहुंची ठगी

आरोपियों ने पूजा खर्च के नाम पर पहले नारियल और 1100 रुपए लिए। फिर कहा कि विधिवत पूजा के लिए मां के सोने के कंगन और नकद रकम मंदिर में रखना जरूरी है।

इसके बाद संजय से 8 लाख रुपए और सोने के कंगन लेकर उसे पावर हाउस रेलवे स्टेशन के पास बुलाया गया और कहा गया कि शाम को घर आकर पूजा कराई जाएगी।

शाम तक जब कोई नहीं आया और मोबाइल बंद मिला, तब संजय को ठगी का एहसास हुआ।


🎥 CCTV से खुला राज

शिकायत के बाद छावनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। रेलवे स्टेशन के आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसमें एक महिला समेत तीन लोग ऑटो में बैठकर रायपुर की ओर जाते दिखे।

इसी आधार पर पुलिस टीम रायपुर के सरोना इलाके में दबिश दी।


🚓 रायपुर से गिरफ्तारी

पुलिस ने मौके से चित्रकूट (यूपी) निवासी बाबूलाल और एक बुजुर्ग महिला को गिरफ्तार किया और उनके पास से 8 लाख रुपए नकद बरामद किए।

मामले का मुख्य आरोपी शंकर, जो करीब 5 लाख रुपए कीमत के सोने के कंगन लेकर फरार है, उसकी तलाश जारी है।


⚠️ पुलिस की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ या इलाज के नाम पर पैसे देने से पहले सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।