दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में शराब पार्टी के बाद गर्लफ्रेंड के घर बॉयफ्रेंड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। अंजोरा चौकी क्षेत्र में 28 वर्षीय सिद्धांत दान अपनी गर्लफ्रेंड अंजलीना तंवर के घर पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ। कुछ देर बाद सिद्धांत घर की छत पर बेसुध मिला। गर्लफ्रेंड ने उसे CPR देकर बचाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चार लोग कर रहे थे शराब पार्टी
जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात सिद्धांत दान गर्लफ्रेंड अंजलीना तंवर के घर पहुंचा था। उस समय घर पर अंजलीना के अलावा रायगढ़ की उसकी सहेली निमिषा, उसका बॉयफ्रेंड गौरव और बोरसी की ग्रेसी भी मौजूद थीं। सभी ने साथ बैठकर शराब पी।
इसी दौरान सिद्धांत और अंजलीना के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद के बाद छत पर गया था सिद्धांत
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार शराब के नशे में सिद्धांत ने अंजलीना को गाली दी, जिसके बाद अंजलीना ने उसे थप्पड़ मार दिया। विवाद के बाद सिद्धांत गुस्से में घर की छत पर चला गया।
कुछ देर बाद अंजलीना उसे देखने के लिए छत पर पहुंची तो सिद्धांत बेसुध हालत में पड़ा मिला। उसने सिद्धांत को होश में लाने की कोशिश की और CPR भी दिया, लेकिन उसकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई।
इसके बाद अंजलीना और घर में मौजूद अन्य लोग सिद्धांत को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने सभी से की पूछताछ
घटना की सूचना मंगलवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस को मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद सभी लोगों के बयान दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में गर्लफ्रेंड और बॉयफ्रेंड के बीच विवाद की बात सामने आई है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
सिद्धांत की मौत आखिर किस वजह से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विवाद के बाद वह किस परिस्थिति में छत पर बेसुध हुआ।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बताया गया है कि सिद्धांत पहले प्राइवेट नौकरी करता था, लेकिन कुछ समय पहले उसकी नौकरी छूट गई थी। दोनों की शादी होने वाली थी। सिद्धांत की मां रायपुर के एक स्कूल में सरकारी शिक्षिका हैं।





