दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र में अपने मकान मालिक के घर में चोरी करने वाली केयरटेकर और उसके प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवती ने अपने बॉयफ्रेंड की आर्थिक मदद के लिए उसी घर से 24 हजार रुपये चोरी कर लिए, जहां वह पिछले दो वर्षों से घरेलू सहायक के रूप में काम कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, सूर्या विहार कॉलोनी निवासी रोहन कुखरानिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी वृद्ध मां की देखभाल के लिए वर्ष 2024 में ममता चौहान को रखा गया था। मां के निधन के बाद भी वह परिवार के साथ रहकर घरेलू कामकाज करती रही। इसी दौरान उसे घर की व्यवस्था और अलमारी में रखी नकदी की जानकारी हो गई।
26-27 जून को परिवार में शादी समारोह के दौरान भीड़भाड़ का फायदा उठाकर ममता ने अलमारी से 24 हजार रुपये निकाल लिए और घर छोड़कर चली गई। शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर ममता चौहान और उसके प्रेमी शीतल वर्मा को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि प्रेमी की पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए उसने चोरी की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23,500 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद कर दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।





