July 23, 2026

दुर्ग जनपद CEO निलंबन मामला गरमाया, पूर्व CM भूपेश बघेल से मिले रूपेश पांडेय

दुर्ग। जनपद पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) रूपेश पांडेय के निलंबन के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है। भाजपा नेता एवं पूर्व सरपंच पुराण देशमुख के साथ विवाद का वीडियो वायरल होने के बाद संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने सोमवार को सीईओ को निलंबित कर दिया था।

निलंबन के कुछ ही घंटों बाद रूपेश पांडेय ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ एकपक्षीय कार्रवाई की गई है और उन्हें अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर नहीं दिया गया।

सीईओ रूपेश पांडेय ने कहा कि वे इस मामले को लेकर मुख्य सचिव से मुलाकात करेंगे और न्याय नहीं मिलने पर हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटा सकते हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, दुर्ग जिलाध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के जन्मदिन कार्यक्रम के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पूर्व विधायक अरुण वोरा के निवास पहुंचे थे, जहां रूपेश पांडेय भी उनसे मिले और अपनी स्थिति स्पष्ट की।

गौरतलब है कि हाल ही में भाजपा नेता पुराण देशमुख और सीईओ रूपेश पांडेय के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया।

इस घटनाक्रम के बाद मामला अब राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है और आने वाले दिनों में इसके और तूल पकड़ने की संभावना है।