दुर्ग। महिला के साथ कथित अश्लील हरकत, अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने कांग्रेस नेता मोरध्वज साहू उर्फ मोनू साहू समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी महिला से विवाद करते दिखाई दे रहे हैं।
अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम अमलेश्वरडीह में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य मोरध्वज साहू उर्फ मोनू साहू, दीपक वर्मा और जय साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा मामला
शिकायतकर्ता एवं अमलेश्वर के पूर्व पालिका उपाध्यक्ष उमेश साहू के अनुसार विवाद की वजह शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत है। उनका आरोप है कि कब्जे की शिकायत के बाद आरोपी उन्हें मुखबिर मानकर लगातार दबाव और धमकी दे रहे थे।
रात में घर पहुंचकर किया हंगामा
शिकायत के मुताबिक 7 जून की रात करीब 11 बजे आरोपी कार से उमेश साहू के घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। घर की घंटी बजने पर बाहर आई महिला से आरोपियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और कथित तौर पर अश्लील इशारे किए।
घर में घुसने और धमकी देने का आरोप
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और घर में घुसने का प्रयास किया। घटना के दौरान उमेश साहू के बाहर आने पर उन्हें भी धमकाया गया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 333, 296, 351(3), 79 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। जांच के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।





