दुर्ग।
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरझाल में उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव संदिग्ध हालत में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय असुर मरकाम के रूप में हुई है, जो पेशे से हाईवा चालक था। सूचना मिलने पर प्रशिक्षु डीएसपी दानेश्वर साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक शराब का आदी था और अक्सर बिना बताए घर से बाहर चला जाता था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह पहले भी कई बार 2-3 दिनों तक घर नहीं लौटता था, इसलिए इस बार भी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई।
हालांकि, सड़क किनारे शव मिलने की घटना ने ग्रामीणों में डर और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है—चाहे वह हादसा हो, बीमारी या फिर किसी साजिश की संभावना। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।





