March 5, 2026

दुर्ग में धर्मांतरण का मामला, प्रलोभन देकर धर्म बदलवाने की कोशिश

बीमारी ठीक कराने, आर्थिक मदद और बेटी की शादी का लालच देने का आरोप, दो महिलाएं गिरफ्तार

दुर्ग। जिले में एक बार फिर धर्मांतरण से जुड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों महिलाएं एक कामकाजी महिला के घर पहुंचकर उसे ईसाई धर्म अपनाने के लिए आर्थिक सहायता, बीमारी ठीक कराने और बेहतर इलाज का प्रलोभन दे रही थीं। शिकायत मिलने के बाद पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई की।

दरअसल, भिलाई-3 के पदुम नगर निवासी रूखमणी पाण्डेय ने थाने में लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि वह घरेलू कार्य और खाना बनाने का काम करती हैं। 25 जनवरी को दो अज्ञात महिलाएं उनके घर आईं और धर्म परिवर्तन करने पर बीमारी ठीक होने और आर्थिक मदद मिलने का लालच दिया। सहमति नहीं देने पर दोनों वहां से चली गईं।

इसके बाद 1 फरवरी को वही महिलाएं दोबारा उनके घर पहुंचीं। इस बार उन्होंने ईसाई धर्म अपनाने, बाइबिल पढ़ने, इलाज कराने, आर्थिक सहायता देने और बेटी की शादी में सहयोग का प्रस्ताव रखा। पीड़िता और उनके परिजनों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद रूखमणी सीधे थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर विवेचना की, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 और छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 04 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस ने खुर्सीपार निवासी सारिका डाडिंगे और कुम्हारी निवासी प्रियंका साईमन को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है।