दुर्ग। शहर के एसटीएफ कॉलोनी में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। एक महिला ने आरक्षक ललितेश यादव के घर में घुसकर परिवार के सदस्यों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में आरक्षक की पत्नी रीना यादव और 9 वर्षीय बेटे आदित्य यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी तानिया यादव गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के दौरान दूसरी बेटी नैना यादव ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई। घायल बच्ची को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज और आरक्षक के बीच संबंध थे। बताया जा रहा है कि महिला एक दिन पहले भी घर पहुंची थी, लेकिन उसे समझाकर भेज दिया गया था। शनिवार को वह फिर घर पहुंची और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों के बीच फेसबुक के जरिए जान-पहचान हुई थी, जो बाद में रिश्ते में बदल गई। पुलिस अब हमले के पीछे की पूरी वजह जानने में जुटी है।





