May 19, 2026

Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update: दुर्ग में ई-चालान पर बवाल, कांग्रेस का प्रदर्शन; खारून पुल बंद होने से ट्रैफिक प्रभावित

रायपुर। दुर्ग जिले में अलग-अलग मुद्दों को लेकर हलचल तेज हो गई है। ई-चालान के भारी जुर्माने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी, दुर्ग शहर के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आम नागरिकों को राहत देने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि 2000 से 5000 रुपए तक के ई-चालान से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।

खारून पुल मरम्मत आज से, रायपुर-दुर्ग का सफर होगा मुश्किल
भिलाईनगर।
रायपुर और दुर्ग को जोड़ने वाले कुम्हारी टोल प्लाजा के पास खारून नदी पुल की मरम्मत कार्य 1 अप्रैल से शुरू हो गया है। इसके चलते यह पुल 30 अप्रैल तक बंद रहेगा, जिससे हर दिन करीब डेढ़ लाख लोग प्रभावित होंगे। ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्ग और रायपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से डायवर्सन प्लान लागू किया है और जवानों की तैनाती की गई है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे आवश्यक कार्यों के लिए एक घंटा पहले घर से निकलें।

वर्क आर्डर के बाद पानी टंकी निर्माण पर विवाद
दुर्ग।
गया नगर वार्ड-4 में पानी टंकी निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। निगम प्रशासन द्वारा पहले प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी और वर्क ऑर्डर जारी किया गया, लेकिन अब जमीन को जल भूमि बताते हुए स्थल परिवर्तन की बात सामने आ रही है। करीब 1.99 करोड़ रुपए की इस योजना के अटकने से निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

ट्रेन से गांजा तस्करी में तीन नाबालिग पकड़ी गईं
भिलाईनगर।
एसीसीयू और पुलिस की संयुक्त टीम ने भिलाईनगर स्टेशन के पास तीन नाबालिग लड़कियों को 8 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर मध्य प्रदेश में सप्लाई करती थीं।

आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पत्नी गिरफ्तार
दुर्ग।
कोतवाली पुलिस ने आत्महत्या के लिए प्रताड़ित करने के मामले में पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक ने सुसाइड से पहले वीडियो बनाकर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया था। पुलिस ने आरोपियों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

जमीन रजिस्ट्री से करोड़ों का राजस्व
दुर्ग। वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन जिले में जमीन रजिस्ट्री से करोड़ों रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। पंजीयक कार्यालयों में अवकाश के दिन भी कामकाज जारी रहा, जिससे विभाग को 7 करोड़ रुपए से अधिक की आय हुई।

चार जिले के 600 कारखानों के लिए सिर्फ चार स्टाफ
राजनांदगांव।
राजनांदगांव में औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा इकाई में स्टाफ की भारी कमी है। चार जिलों के करीब 600 कारखानों की निगरानी के लिए केवल चार कर्मचारी होने से श्रमिकों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।

नाबालिग छात्रा की हत्या से सनसनी
खैरागढ़।
खैरागढ़ में 14 वर्षीय छात्रा की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने छात्रा को बहला-फुसलाकर बिलासपुर ले जाकर चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

बोर्ड कॉपियों का मूल्यांकन अंतिम चरण में
राजनांदगांव।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन अंतिम चरण में है। अब तक 90 हजार से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं की जांच हो चुकी है और 6 अप्रैल तक पूरा कार्य समाप्त होने की संभावना है।