September 4, 2026

दुर्ग में नकली Gold Flake Premium सिगरेट का भंडाफोड़, 18 हजार सिगरेट जब्त; दो गिरफ्तार

दुर्ग। इंदिरा मार्केट स्थित SSD TRADERS में ITC Limited के GOLD FLAKE PREMIUM ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट बेचने के आरोप में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 18,000 नकली सिगरेट और संबंधित पैकेजिंग सामग्री बरामद की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2.07 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को ITC Limited के अधिकृत प्रतिनिधि ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह Private Eye Intellectual Property Right Solutions में फील्ड ऑफिसर के रूप में कार्यरत है और ITC के नकली उत्पादों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई के लिए अधिकृत है।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने इंदिरा मार्केट स्थित SSD TRADERS में जांच की। तलाशी के दौरान ITC के GOLD FLAKE PREMIUM ब्रांड के नाम, पैकेजिंग और पहचान से मिलते-जुलते नकली सिगरेट उत्पाद बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने पूरी सामग्री को जब्त कर लिया।

18 हजार नकली सिगरेट बरामद

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान दो अलग-अलग खेप में नकली सिगरेट बरामद की गईं। इनमें 12,000 GOLD FLAKE PREMIUM सिगरेट, जिनकी कीमत करीब 1.38 लाख रुपये, और 6,000 सिगरेट, जिनकी कीमत करीब 69 हजार रुपये है। इस तरह कुल 18,000 नकली सिगरेट जब्त की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत 2.07 लाख रुपये है। बरामद पैकेटों पर 115 रुपये MRP और QR नंबर भी अंकित पाए गए।

आर्थिक लाभ के लिए नकली ब्रांड का इस्तेमाल

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा निजी आर्थिक लाभ के उद्देश्य से वास्तविक उत्पाद जैसी पैकेजिंग और ब्रांड नाम का इस्तेमाल कर नकली सिगरेट बेची जा रही थी। इससे उपभोक्ताओं के बीच असली और नकली उत्पाद को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा होने के साथ ही संबंधित कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचने की आशंका है।

BNS और कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज

प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 440/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में BNS की धारा 318(4) और कॉपीराइट अधिनियम, 1957 की धारा 63 के तहत कार्रवाई की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल जसवानी (36), निवासी गुरुनानक नगर दुर्ग और निखिल सिहानी (29), निवासी सदानी नगर सिंधी कॉलोनी दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

दुर्ग पुलिस ने की अपील

दुर्ग पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी दुकान या प्रतिष्ठान में नकली अथवा संदिग्ध ब्रांडेड उत्पादों की बिक्री या भंडारण की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। साथ ही उपभोक्ताओं से भी उत्पाद खरीदते समय उसकी पैकेजिंग और प्रामाणिकता की जांच करने की अपील की गई है। मामले में पुलिस की आगे की विवेचना जारी है।