दुर्ग। सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर एक महिला की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर उसे वायरल करने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पीड़िता की शिकायत पर उतई थाना पुलिस ने कार्रवाई की।
शिकायत के अनुसार आरोपी राधेलाल माहरा ने Instagram पर फर्जी आईडी बनाकर पीड़िता को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। बातचीत शुरू होने के बाद आरोपी ने WhatsApp के जरिए संपर्क किया और अश्लील तस्वीरें भेजकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
आरोपी ने पीड़िता की तस्वीरों को आपत्तिजनक तरीके से एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। वह लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए पीड़िता पर दबाव बना रहा था। आरोपी ने धमकी दी थी कि मांगें पूरी नहीं करने पर और तस्वीरें वायरल कर देगा, लेकिन पीड़िता ने उसकी मांगें मानने से इनकार कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपी को बालोद जिले के ग्राम कोहगाटोला से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने तीन अलग-अलग फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अपराध करना स्वीकार किया है। उसके पास से एक मोबाइल फोन और चैटिंग से जुड़े अहम स्क्रीनशॉट जब्त किए गए हैं।





