July 29, 2026

दुर्ग में सामूहिक आत्महत्या से सनसनी: दंपति ने बच्चों की हत्या के बाद लगाई फांसी, सुसाइड नोट में आर्थिक तंगी का जिक्र

दुर्ग। शहर के आर्य नगर क्षेत्र में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से सनसनी फैल गई है। पति-पत्नी ने कथित तौर पर अपने दो बच्चों की हत्या करने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

मृतक गोविंद साहू ने मौके पर मिले सुसाइड नोट में आर्थिक तंगी को इस आत्मघाती कदम की वजह बताया है। नोट में उसने लिखा है कि परिवार आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। साथ ही बच्चों के बारे में लिखा कि “उन्हें हम इस दुनिया में लाए हैं, इसलिए हम ही उन्हें अपने साथ ले जा रहे हैं।” उसने इस घटना के लिए परिवार के किसी अन्य सदस्य को जिम्मेदार नहीं ठहराया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी ने फांसी लगाने से पहले बच्चों के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनका गला दबाया। हालांकि मौत की वास्तविक वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

बताया जा रहा है कि परिवार कुछ दिन पहले तिरुपति बालाजी दर्शन के लिए गया था और घटना से एक दिन पहले ही पुरी में भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर लौटा था। रात में परिवार ने साथ खाना खाया, बच्चों को आइसक्रीम और मिठाई खिलाई और फिर सभी सोने चले गए।

सुबह करीब 8 बजे तक कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर परिजनों ने आवाज लगाई। जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा खोला गया, जहां का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए। कमरे में दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे, जबकि पति-पत्नी के शव नई प्लास्टिक की रस्सी के सहारे पंखे से लटके मिले।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आत्महत्या के पीछे की अन्य संभावित वजहों की भी पड़ताल कर रही है।