May 19, 2026

दुर्ग में फर्जी निवेश कंपनी के नाम पर 38 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग जिले में फर्जी निवेश कंपनी बनाकर लोगों से ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने रकम दोगुना करने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने AMS Solution और M/s R-V Group Company के नाम से फर्जी कंपनी बनाकर प्रार्थी को निवेश के लिए प्रेरित किया। आरोपी ने मात्र 3 माह में रकम दोगुना करने का लालच दिया, जिसके झांसे में आकर पीड़ित ने कुल 38 लाख 25 हजार रुपये निवेश कर दिए।

इस मामले में दुर्ग के संतरा बाड़ी निवासी जयदीप सिंह कंडा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर वैशाली नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी धर्मेन्द्र कुमार बंजारे को रायपुर के सड्डू क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की भी जांच की जा रही है।