दुर्ग, प्रतिनिधि।
कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कांतीलाल बोथरा की मां समेत 6 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। मां की मृत्यु के बाद उनके दायित्वों के निर्वहन के चलते कांतीलाल बोथरा को भी आरोपियों में शामिल किया गया है।
प्रकरण के अनुसार, मेसर्स रिद्धि सिद्धि बिल्डर ने फर्म में निवेश कराने के बदले फ्लैट देने और निर्माण पूर्ण होने तक निवेश राशि पर ब्याज देने का वादा किया था। इस पर प्रार्थी पक्ष के चार सदस्यों ने अलग-अलग किश्तों में कुल 24.5 लाख रुपए निवेश किए।
आरोप है कि शुरुआत में कुछ समय तक ब्याज दिया गया, लेकिन बाद में न तो रकम लौटाई गई और न ही फ्लैट बनाकर दिया गया। इस मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी राहुल सोरी की अदालत ने केस दर्ज करने का आदेश दिया है।
प्रार्थी रितेश जैन (वार्ड 32, जैन गली, जय आनंद परिसर) ने अपनी पत्नी आरती जैन तथा रिश्तेदार पदम जैन, रेणु देवी जैन और रुपाली जैन के माध्यम से कोर्ट में परिवाद दायर किया था।
शिकायत में रूपेश जैन, विश्वास गुप्ता, मनीष शर्मा, सजल जैन, अमृता खंडेलवाल और कमला देवी बोथरा के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए हैं।





