दुर्ग। शहर के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केलाबाड़ी स्थित सुभाष नगर में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। एक किराए के मकान में रहने वाले युवक ने अपनी ही प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने युवती को बेहोश समझकर खुद 108 एंबुलेंस सेवा को कॉल कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतका उनेश्वरी वर्मा (25 वर्ष) खैरागढ़ जिले के चिचोला की रहने वाली थी। वह दुर्ग के बीएम कॉलेज में बीएड की पढ़ाई कर रही थी और पिछले दो वर्षों से शहर में किराए के मकान में रह रही थी। आरोपी कार्तिक राम साहू (27 वर्ष) बालोद जिले का निवासी है और उसी कॉलेज में बीएड का छात्र था। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है।
फोन कॉल विवाद बना हत्या की वजह
जानकारी के मुताबिक घटना के दिन दोनों के बीच फोन न उठाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसके बाद आरोपी ने युवती को अपने सुभाष नगर स्थित किराए के कमरे में बुलाया, जहां बहस बढ़ती गई। गुस्से में आकर आरोपी ने युवती का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद खुद किया 108 पर कॉल
वारदात के बाद आरोपी ने युवती को बेहोश समझा और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने युवती को मृत घोषित कर दिया। इस दौरान आरोपी वहीं मौजूद रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में कार्तिक राम साहू ने अपराध स्वीकार कर लिया है। उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस डिजिटल साक्ष्य और अन्य सबूतों की जांच में जुटी हुई है।
परिवार को नहीं थी जानकारी
घटना के बाद मृतका के परिजन दुर्ग पहुंचे। पिता ने बताया कि उनकी बेटी दो भाइयों में इकलौती थी और पढ़ाई के लिए दुर्ग में रह रही थी। परिवार को उसके प्रेम संबंध की जानकारी नहीं थी। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी और शोक का माहौल है।




