September 4, 2026

CG News: ड्यूटी के दौरान लैब में रील बनाना पड़ा भारी, 3 महिला टेक्नीशियन बर्खास्त

दुर्ग। जिला अस्पताल दुर्ग की अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान रील बनाना तीन महिला टेक्नीशियनों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने तीनों महिला कर्मियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। यह कार्रवाई ड्यूटी के दौरान लापरवाही और लैब परिसर में रील बनाने को लेकर की गई है।

टेस्ट ट्यूब हाथ में लेकर डांस करती दिखीं

दरअसल, 24 अगस्त को तीन महिला टेक्नीशियनों ने लैब के अंदर रील बनाई थी। वीडियो में एक महिला टेस्ट ट्यूब हाथ में लेकर डांस करती नजर आई, जबकि दूसरे वीडियो में लैब की चेयर पर बैठकर रील बनाई जा रही थी। वीडियो करीब पांच दिन बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया।

सिविल सर्जन ने लैब प्रभारी से मांगा जवाब

वीडियो सामने आने के बाद सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने लैब प्रभारी डॉ. जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। नोटिस में पूछा गया था कि ड्यूटी के दौरान लैब के अंदर वीडियो कैसे बनाया गया और उस समय कर्मचारियों की क्या जिम्मेदारी थी।

लैब प्रभारी ने वीडियो में नजर आ रहे स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई के लिए HLL लाइफकेयर लिमिटेड को पत्र लिखा था। मामले की जांच और जवाब के बाद कंपनी ने तीनों महिला टेक्नीशियनों को सेवा से हटा दिया।

ड्यूटी के दौरान लापरवाही पर कार्रवाई

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, लैब जैसे संवेदनशील स्थान पर ड्यूटी के दौरान इस तरह की गतिविधि को गंभीर लापरवाही माना गया। इसी के चलते जांच के बाद तीनों कर्मियों के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई की गई है।